छठवें दिन लगा लघु विधिक शिविर, पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार कर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को देने के निर्देश
आईकेवी न्यूज़ | हमीरपुर। आगामी 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मेगा लीगल कैंप की तैयारियों के तहत विकासखंड सरीला के तहसील परिसर स्थित सभागार में छठवें दिन लघु विधिक शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं, उनकी पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को चिह्नित कर योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया।

जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राम प्यारे के मार्गदर्शन तथा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। संबंधित विभागों को पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार कर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि मेगा लीगल कैंप में अधिक से अधिक जरूरतमंदों को लाभान्वित किया जा सके।
श्रम विभाग से विजय पाल सोनकर, उद्योग विभाग, समाज कल्याण विभाग से राघवेंद्र, कृषि विभाग से जनक सिंह एवं चंद्र प्रकाश, परिवहन विभाग से धर्मवीर महाजन, कौशल विकास विभाग से शिवकरन और पंचायती राज विभाग से महेश पाल ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी। इसके अलावा महिला एवं बाल कल्याण, मत्स्य और स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के बारे में भी बताया गया।
खंड विकास अधिकारी की ओर से एडीओ (आरडी) राम मनोहर सोनी ने कार्यक्रम में सहयोग किया। शिविर में पीएलवी प्रेमचंद, पवन तिवारी और नीरज विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
पीएलवी पवन तिवारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे 1 नवंबर को आयोजित होने वाले मेगा लीगल कैंप में पहुंचकर पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से समन्वय बनाकर पात्र व्यक्तियों को चिह्नित करने और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य विधिक जागरूकता बढ़ाने के साथ कमजोर एवं वंचित वर्गों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें।







