18 मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग, डीएम और एसपी ने केंद्रों का निरीक्षण कर परखी व्यवस्थाएं
आईकेवी न्यूज़ | हमीरपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत शुक्रवार, 23 अक्टूबर को जनपद हमीरपुर में मतदान शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ। जिले के सभी 18 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से कराई गई। जनपद में कुल 50.68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अशोक कुमार तथा पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा प्रबंधों और मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन की ओर से मतदान कार्मिकों और सुरक्षा कर्मियों को सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए, ताकि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। जिला प्रशासन और पुलिस के समन्वय से सभी 18 मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई गई। प्रशासन के अनुसार, मतदान के दौरान किसी अप्रिय घटना या बड़ी समस्या की सूचना नहीं मिली।
जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार ने मतदान प्रक्रिया में सहयोग देने वाले मतदाताओं, निर्वाचन कार्मिकों, पुलिसकर्मियों तथा संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी के सामूहिक प्रयासों को मतदान प्रक्रिया के शांतिपूर्ण एवं सफल संचालन में महत्वपूर्ण बताया।







