किसानों के हित में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें अधिकारी: राज्यमंत्री कुलजीत सिंह

SHARE:

हमीरपुर में कृषि एवं संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक, 172 गोशालाओं में 22,346 गोवंश संरक्षित; खाद की उपलब्धता और बुंदेलखंड परियोजना की मंडी का भी लिया जायजा

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश शासन के कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री श्री कुलजीत सिंह ने मंगलवार, 03 नवंबर 2026 को जनपद हमीरपुर पहुंचकर कृषि एवं संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक की। विकास भवन कुछेछा स्थित कलकप वृक्ष सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को किसानों के हित में संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बैठक में कृषि, पशुपालन, मत्स्य, विद्युत, सिंचाई, सहकारिता, उद्यान एवं वन विभाग की योजनाओं और उनकी प्रगति की समीक्षा की गई। राज्यमंत्री ने सब्जी मंडी में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए मंडी सचिव को निर्देश दिए कि प्रतिदिन सब्जियों के भाव रेट बोर्ड पर प्रदर्शित किए जाएं। साथ ही बाजार में क्रय की जाने वाली सब्जियों की दर से अधिकतम 25 प्रतिशत मूल्य पर ही बिक्री सुनिश्चित कराई जाए, जिससे किसानों को उचित मूल्य मिलने के साथ आम जनमानस को भी राहत मिल सके।

172 गोशालाओं में 22,346 गोवंश संरक्षित

पशुपालन विभाग ने जानकारी दी कि जनपद की 172 गोशालाओं में कुल 22,346 गोवंश संरक्षित हैं। उनके भरण-पोषण के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था की गई है। राज्यमंत्री ने गोवंश के समुचित संरक्षण, स्वास्थ्य एवं देखभाल के निर्देश दिए। उन्होंने उद्यान एवं वन विभाग को प्रत्येक गोशाला में न्यूनतम दो छायादार वृक्ष लगाने के निर्देश भी दिए।

समीक्षा के दौरान लघु सिंचाई विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में कराए गए 392 बोरिंग कार्यों तथा भूमि संरक्षण विभाग द्वारा निर्मित 212 खेत तालाबों की जानकारी प्राप्त की गई।

किसानों को वितरित किए कीट नियंत्रण उपकरण

कृषि रक्षा विभाग की ओर से ग्राम कलौलीतीर निवासी किसान रामबाबू पुत्र गिरजा शंकर को येलो स्टिकी ट्रैप तथा किसान श्यामबाबू पुत्र गिरजा शंकर को सोलर लाइट ट्रैप वितरित किया गया। राज्यमंत्री ने किसानों को कीट नियंत्रण के आधुनिक एवं प्रभावी उपायों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

शीघ्र क्रियाशील होगी बुंदेलखंड परियोजना की मंडी

समीक्षा बैठक के बाद राज्यमंत्री ने पत्रकारों के साथ प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने गोशालाओं में गोवंश के संरक्षण, भोजन, स्वास्थ्य एवं देखभाल की व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की।

उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन मंडी का कार्य शीघ्र पूर्ण कराकर उसे क्रियाशील कराया जाएगा। इससे किसानों को अपनी उपज के विपणन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

जनपद में खाद की उपलब्धता के संबंध में उन्होंने बताया कि उर्वरक की कोई कमी नहीं है तथा निजी एवं सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। किसानों को निर्धारित दरों पर उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

इस दौरान कुछ लोगों ने जनपद महोबा में कृषि विभाग के कर्मचारी के साथ हुई घटना के संबंध में राज्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। इस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि असंवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध शासन स्तर से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।

उर्वरक विक्रय केंद्र का किया औचक निरीक्षण

प्रेस वार्ता के पश्चात राज्यमंत्री ने विकासखंड कुरारा स्थित मेसर्स हमीरदेव फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के उर्वरक विक्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पीओएस मशीन में प्रदर्शित उर्वरक के स्टॉक का केंद्र पर उपलब्ध वास्तविक स्टॉक से मिलान किया गया, जो सही पाया गया।

इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं