महोबा, कुलपहाड़, कबरई और बांदा के यात्रियों को मिलेगा लाभ, 8 से 11 नवंबर तक होगा संचालन
महोबा/ चित्रकूट धाम कर्वी में 8 से 11 नवंबर तक आयोजित होने वाले कार्तिक अमावस्या मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए झांसी से चित्रकूट धाम कर्वी के बीच दो मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों के चलने से महोबा सहित बुंदेलखंड के विभिन्न क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को चित्रकूट पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, पहली मेला स्पेशल ट्रेन 8 से 11 नवंबर तक प्रतिदिन झांसी से सुबह 10:10 बजे रवाना होकर ओरछा, बरुआसागर, निवाड़ी, मऊरानीपुर, हरपालपुर, बेलाताल, कुलपहाड़, चरखारी रोड, महोबा, कबरई, बांदा और अतर्रा सहित विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए शाम 5:45 बजे चित्रकूट धाम कर्वी पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन चित्रकूट से शाम 7:25 बजे रवाना होकर रात 1 बजे झांसी पहुंचेगी।
वहीं, दूसरी अतिरिक्त मेला स्पेशल ट्रेन झांसी से रात 8:10 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 3:05 बजे चित्रकूट धाम कर्वी पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन सुबह 4:40 बजे चित्रकूट से चलकर सुबह 11:10 बजे झांसी पहुंचेगी। यह ट्रेन भी निर्धारित मार्ग के सभी प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
मेमू ट्रेन का भी बढ़ाया जा सकता है विस्तार
रेल प्रशासन ने अन्य व्यवस्थाओं के तहत गाड़ी संख्या 64613/64614 (वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-बांदा मेमू) का आवश्यकता के अनुसार 8 से 11 नवंबर तक प्रतिदिन के आधार पर चित्रकूट धाम कर्वी तक विस्तार करने का निर्णय लिया है। इसके अतिरिक्त किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए बांदा स्टेशन पर एक अतिरिक्त रेक तैयार रखा जाएगा।
इसके साथ ही कानपुर सेंट्रल से चित्रकूट धाम कर्वी के बीच दो जोड़ी मेला विशेष ट्रेनों के संभावित संचालन के लिए प्रयागराज मंडल द्वारा कानपुर में दो रेक भी तैयार रखे जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर इनका संचालन किया जाएगा।
रेलवे की इन व्यवस्थाओं से कार्तिक अमावस्या मेले में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर महोबा, कबरई, कुलपहाड़ और बेलाताल क्षेत्र के यात्रियों को सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा।







