एक क्लिक से 1,60,867 परिवारों को मिली गैस रिफिल सब्सिडी, सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति ने लाभार्थियों को वितरित किए प्रतीकात्मक चेक
सीएम योगी के राज्यस्तरीय कार्यक्रम से जुड़ा हमीरपुर, डीएम अशोक कुमार ने गैस आपूर्ति में लापरवाही न बरतने के दिए निर्देश
हमीरपुर। दीपावली के त्योहार पर जनपद की लाखों महिलाओं के घरों में खुशियों की रोशनी के साथ रसोई का खर्च कम करने की पहल की गई है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सब्सिडी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस योजना के तहत जनपद हमीरपुर के 1,60,867 उज्ज्वला लाभार्थी परिवारों के बैंक खातों में कुल ₹10,36,46,608 (10 करोड़ 36 लाख 46 हजार 608 रुपये) की धनराशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति उपस्थित रहे। यह आयोजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से जुड़ा रहा। राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को कुल ₹1,500 करोड़ की रसोई गैस रिफिल सब्सिडी वितरित की गई। हमीरपुर में विधायक ने लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर एवं सब्सिडी के डेमो चेक प्रदान किए।
महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ी योजना : विधायक
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष श्री कुलदीप निषाद ने अतिथियों एवं उपस्थित महिलाओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना गरीब परिवारों की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इससे पारंपरिक ईंधन से निकलने वाले धुएं से मुक्ति मिलने के साथ महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान एवं जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।
मुख्य अतिथि सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार गरीबों, महिलाओं तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ रसोई ईंधन उपलब्ध कराया गया है। दीपावली पर गैस रिफिल सब्सिडी का लाभ सरकार की जरूरतमंद परिवारों के प्रति संवेदनशीलता और महिला सशक्तीकरण की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
पारदर्शी तरीके से खातों में पहुंच रही सब्सिडी : डीएम
जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के सभी पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा रहा है। डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में धनराशि अंतरित होने से लाभार्थियों को गैस सिलेंडर रिफिल कराने में आर्थिक सहायता मिल रही है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही गैस की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सुचारु बनाए रखी जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना केवल रसोई गैस उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और सुविधा से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल है। स्वच्छ ईंधन के उपयोग से पारंपरिक चूल्हों के धुएं से होने वाली परेशानियों से महिलाओं को राहत मिल रही है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री राकेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी श्री ध्रुवराज यादव, जिला सूचना अधिकारी श्री सतीश कुमार, उज्ज्वला योजना के जिला नोडल अधिकारी श्री हर्ष गुप्ता, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी श्री मनोज कुमार सिंह एवं श्री शैलेंद्र प्रसाद शुक्ला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गैस एजेंसी संचालक, वितरक एवं बड़ी संख्या में महिला लाभार्थी उपस्थित रहीं।







