हमीरपुर में खनिज परिवहन पर निदेशक का औचक निरीक्षण, अवैध खनन और ओवरलोडिंग करने वालों को सख्त चेतावनी

SHARE:

भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशक डॉ. उज्ज्वल कुमार ने वाहनों के परिवहन प्रपत्र और लोडिंग मानकों की जांच की, नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई के निर्देश

कानपुर नगर में बिना वैध प्रपत्र खनिज परिवहन करते मिले पांच वाहनों पर कार्रवाई, महोबा के स्टोन क्रशरों में भी मिली स्टॉक विवरण की विसंगति

हमीरपुर। प्रदेश में अवैध खनन, अवैध खनिज परिवहन, ओवरलोडिंग और आईएसटीपी (इंटर स्टेट ट्रांजिट पास) के अपवंचन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए शासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में 14 नवंबर 2026 को भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग, उत्तर प्रदेश के निदेशक/विशेष सचिव डॉ. उज्ज्वल कुमार ने कानपुर नगर, हमीरपुर और महोबा जनपदों का औचक निरीक्षण एवं क्षेत्रीय भ्रमण कर खनिज परिवहन तथा खनन गतिविधियों की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जनपद कानपुर नगर के नौबस्ता मार्ग पर बिना वैध परिवहन प्रपत्रों के उपखनिज का परिवहन करते पाए गए पांच वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की गई। निदेशक ने खान अधिकारी, कानपुर नगर को अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण लगाने तथा आईएसटीपी के अपवंचन को रोकने के लिए कड़े निर्देश दिए।

इसके बाद निदेशक डॉ. उज्ज्वल कुमार ने जनपद हमीरपुर में उपखनिज परिवहन करने वाले वाहनों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों के परिवहन प्रपत्रों एवं लोडिंग मानकों की जांच करते हुए खान अधिकारी, हमीरपुर को निर्देशित किया कि प्रत्येक वाहन के पास वैध परिवहन प्रपत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध होना चाहिए। निर्धारित लोडिंग क्षमता का पालन कराया जाए और किसी भी परिस्थिति में अवैध परिवहन अथवा ओवरलोडिंग को बर्दाश्त न किया जाए।

क्षेत्रीय भ्रमण के अगले चरण में जनपद महोबा के स्टोन क्रशरों एवं संचालित खनन पट्टों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुछ स्टोन क्रशरों पर उपलब्ध खनिज स्टॉक की अनुमानित मात्रा पोर्टल पर दर्ज विवरण से मेल नहीं खाती पाई गई। इस पर निदेशक ने ज्येष्ठ खान अधिकारी, महोबा को संबंधित अनियमितताओं की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा खनन गतिविधियों का संचालन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टोन क्रशर संचालकों एवं खनन पट्टाधारकों के प्रतिनिधियों से भी संवाद किया।

निदेशक डॉ. उज्ज्वल कुमार ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने प्रदेश की अन्य राज्यों से लगी सीमाओं पर जिला टास्क फोर्स के माध्यम से सघन निगरानी करने और आईएसटीपी की अनिवार्यता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही खनन क्षेत्र से राजस्व प्राप्ति बढ़ाने के लिए खनन पट्टों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने, रिक्त खनन क्षेत्रों का विज्ञापन जारी करने तथा नए खनन क्षेत्रों को भी निर्धारित प्रक्रिया में शामिल करने पर जोर दिया गया।

निदेशक के इस औचक निरीक्षण को खनिज परिवहन में पारदर्शिता, राजस्व संरक्षण और अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे खनन एवं खनिज परिवहन से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विभागीय निगरानी और कार्रवाई और तेज होने की उम्मीद है।

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं