किसानों की सिंचाई के लिए पूरी रात डटे रहे अपर जिलाधिकारी विजय सिंह, एक ही रात में दुरुस्त कराए क्षतिग्रस्त कोलाबे

SHARE:

15 नवंबर से लिफ्ट कैनाल से शुरू होनी है सिंचाई, किसानों की परेशानी रोकने के लिए रात 10 बजे से सुबह 4:15 बजे तक मौके पर रहकर कराया मरम्मत कार्य

जल जीवन मिशन की पाइपलाइन बिछाने के दौरान उजनेड़ी में क्षतिग्रस्त हुए थे सिंचाई कोलाबे, अधिकारियों और कार्यदायी संस्था की टीम ने रातभर में पूरा किया काम

हमीरपुर। किसानों को सिंचाई के लिए समय से पानी उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता का उदाहरण ग्राम उजनेड़ी में देखने को मिला। विकासखंड सुमेरपुर के ग्राम उजनेड़ी में लिफ्ट कैनाल के समीप जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्व में पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुए सिंचाई कोलाबों को अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री विजय सिंह की तत्परता से एक ही रात में दुरुस्त करा दिया गया। इस कार्य के लिए अपर जिलाधिकारी स्वयं पूरी रात मौके पर मौजूद रहे और सुबह 4:15 बजे तक अपनी देखरेख में मरम्मत कार्य संपन्न कराया।

जानकारी के अनुसार 15 नवंबर से लिफ्ट कैनाल के माध्यम से सिंचाई के लिए पानी छोड़े जाने की तैयारी थी। इसी बीच 14 नवंबर को अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री विजय सिंह को जानकारी मिली कि जल जीवन मिशन की पाइपलाइन बिछाने के दौरान कई सिंचाई कोलाबे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। यदि समय रहते इनकी मरम्मत नहीं कराई गई तो क्षेत्रीय किसानों को सिंचाई में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया और सूचना मिलने के एक घंटे के भीतर मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने नमामि गंगे टीम को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी दशा में किसानों की सिंचाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए और सभी क्षतिग्रस्त कोलाबों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दुरुस्त कराया जाए।

अपर जिलाधिकारी के निर्देश पर शाम होते-होते आवश्यक पाइपलाइन एवं जेसीबी मशीन मौके पर पहुंच गई और रात्रि करीब 10 बजे मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया। किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए श्री विजय सिंह स्वयं रात करीब 10:30 बजे से सुबह 4:15 बजे तक मौके पर डटे रहे और पूरी कार्रवाई अपनी निगरानी में संपन्न कराई।

मरम्मत कार्य में जल निगम ग्रामीण के सहायक अभियंता श्री अरुण प्रभाकर ने कुशल मार्गदर्शन प्रदान किया। लिफ्ट कैनाल से संबंधित कार्य होने के कारण अवर अभियंता श्री प्रकाश पटेल भी पूरे समय मौके पर उपस्थित रहे। वहीं जिंदल कंपनी के साइट इंजीनियर श्री रितिक ने अपनी टीम के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रशासनिक अधिकारियों, तकनीकी टीम और कार्यदायी संस्था के आपसी समन्वय एवं तत्परता का परिणाम रहा कि कई दिनों में पूरा होने वाला मरम्मत कार्य मात्र एक रात में संपन्न कर लिया गया। कार्य पूरा होने के बाद अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री विजय सिंह ने सहायक अभियंता श्री अरुण प्रभाकर और जिंदल कंपनी की पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

इस त्वरित कार्रवाई से उजनेड़ी एवं लिफ्ट कैनाल से सिंचाई करने वाले क्षेत्रीय किसानों को बड़ी राहत मिली है। प्रशासन की इस पहल से निर्धारित समय पर सिंचाई व्यवस्था सुचारु रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। किसानों के हित में अधिकारियों की रात्रिकालीन सक्रियता और समयबद्ध कार्यवाही क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं