विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के तहत दोनों विधानसभा क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियां होंगी प्रकाशित, फार्म-6 भरकर करा सकेंगे पंजीकरण
01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक भी कर सकेंगे आवेदन, ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध
हमीरपुर। लोकतांत्रिक व्यवस्था में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इसी क्रम में जनपद के दोनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 228-हमीरपुर एवं 229-राठ (अ0जा0) की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को किया जाएगा। निर्वाचक नामावलियां सभी संबंधित पदाभिहित स्थलों एवं मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेंगी।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अशोक कुमार ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, अपना नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन संबंधित पदाभिहित अधिकारी, बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ)/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) के कार्यालय में जमा किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके लिए पात्र नागरिक भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ पर जाकर फार्म-6 के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर युवा एवं महिला मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए समय से आवेदन करें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण आवश्यक है। इसलिए सभी नागरिक इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने मताधिकार को सुनिश्चित करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी निभाएं।







