कदौरा। क्षेत्र के सुजानपुर स्थित एलीट एग्रो फार्म हाउस में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ एवं तुलसी विवाह का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं। कथा का रसपान किशोरी सेवा धाम आश्रम, राधाकुंड (मथुरा) के आचार्य रामभरोसे शास्त्री द्वारा कराया जा रहा है।
आयोजन का शुभारंभ 16 नवंबर को कदौरा स्थित बड़ी माता मंदिर से निकाली गई भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इसके बाद से प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है, जो 22 नवंबर तक चलेगा।

कार्यक्रम के निर्धारित क्रम के अनुसार 23 नवंबर को सुबह 10 बजे विधि-विधान के साथ तुलसी विवाह संपन्न कराया जाएगा। इसके उपरांत पूर्णाहुति एवं हवन का आयोजन होगा तथा श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई है।
इस धार्मिक अनुष्ठान में परीक्षित के रूप में श्रीमती सावित्री गुप्ता एवं स्वर्गीय रामप्रकाश गुप्ता (जलालपुर वाले) की सहभागिता है। आयोजक गुप्ता परिवार ने क्षेत्रवासियों एवं समस्त श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने और धार्मिक अनुष्ठानों में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवागमन के लिए रिक्शे की व्यवस्था भी की गई है।







