अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस पर लखनऊ में गूंजा पुरुषों के सम्मान और समान अधिकारों का मुद्दा, महिला पैनलिस्टों ने रखे बेबाक विचार

SHARE:

‘स्ट्रॉन्ग मैन’ की छवि से बाहर निकलकर पुरुषों की भावनाओं को समझने की जरूरत : डॉ. इंदु सुभाष

लखनऊ, 19 नवंबर। अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस के अवसर पर पुरुषों की भावनात्मक चुनौतियों, सामाजिक अपेक्षाओं, पारिवारिक जिम्मेदारियों और कानूनी अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए गाइड समाज कल्याण संस्थान ने लखनऊ मैनेजमेंट एसोसिएशन (LMA) एवं कबीर पीस मिशन के सहयोग से एक विशेष पैनल डिस्कशन का आयोजन किया। कार्यक्रम का विषय ‘द अनस्पोकन साइड ऑफ मेन – इमोशंस, एक्सपेक्टेशंस एंड एक्सपीरियंसेज’ रखा गया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि चर्चा में सभी पैनलिस्ट महिलाएं थीं, जिन्होंने पुरुषों के सम्मान, संवेदनाओं और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम का संचालन एलएमए की कार्यकारी निदेशक रेनू चौधरी ने किया, जबकि मॉडरेटर की भूमिका एलएमए के कोषाध्यक्ष राजीव प्रधान ने निभाई। पैनल में सुनीता एरॉन, राखी किशोर, प्रो. प्रीति बाजपेयी एवं डॉ. इंदु सुभाष शामिल रहीं।

चर्चा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि समाज में पुरुषों से हमेशा मजबूत बने रहने, परिवार की सभी जिम्मेदारियां निभाने और अपनी परेशानियों को जाहिर न करने की अपेक्षा की जाती है। इस सोच के कारण कई बार पुरुष अपनी भावनाओं और मानसिक संघर्षों को व्यक्त नहीं कर पाते। पैनलिस्टों ने ‘स्ट्रॉन्ग मैन’ की पारंपरिक छवि से बाहर निकलकर पुरुषों को भी संवेदनशील इंसान के रूप में समझने और उनकी भावनाओं को सम्मान देने की आवश्यकता पर बल दिया।


वक्ताओं ने कहा कि स्त्री और पुरुष दोनों मिलकर परिवार एवं समाज का निर्माण करते हैं। ऐसे में समानता, सम्मान और पारिवारिक जिम्मेदारियों में आपसी सहयोग दोनों के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण है। विवाह के बदलते स्वरूप, अनावश्यक भव्य खर्च और दिखावे की प्रवृत्ति पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने विवाह में सादगी अपनाने, जमा पूंजी का सार्थक उपयोग करने तथा घरेलू जिम्मेदारियों को मिल-जुलकर निभाने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में महिलाओं से जुड़े कानूनों के कथित दुरुपयोग और उससे उत्पन्न पारिवारिक विवादों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। पैनलिस्टों ने कानूनों को निष्पक्ष एवं जेंडर-न्यूट्रल बनाने की आवश्यकता पर विचार रखे। उनका कहना था कि कानून का उद्देश्य किसी एक पक्ष को अनुचित लाभ पहुंचाना नहीं, बल्कि सभी को न्याय और सुरक्षा प्रदान करना होना चाहिए। कानूनों के दुरुपयोग के आरोपों की निष्पक्ष जांच तथा दोष सिद्ध होने पर उचित कानूनी कार्रवाई की व्यवस्था पर भी जोर दिया गया। चर्चा में ऐसे विवादों का बच्चों, बुजुर्गों और परिवारों पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर चिंता व्यक्त की गई।

कार्यक्रम में मौजूद श्रोताओं एवं प्रतिभागियों ने भी पैनलिस्टों से विभिन्न सवाल पूछे, जिनका वक्ताओं ने संवेदनशीलता और व्यावहारिक दृष्टिकोण के साथ जवाब दिया।

आयोजन का एक विशेष आकर्षण रेनबो संस्था के दिव्यांग बच्चों की सहभागिता रही। इन बच्चों ने अपने हाथों से चाय और सैंडविच तैयार कर उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों को परोसे। उनकी इस पहल की सराहना की गई।

कार्यक्रम की मुख्य संयोजिका डॉ. इंदु सुभाष ने आगामी आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि इसी श्रृंखला में 10 दिसंबर को ‘गोल्डन एज युग पुरुष सम्मान 2026’ आयोजित किया जाएगा। इसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुरुषों को सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ और संतुलित समाज के निर्माण के लिए पुरुषों की भावनाओं, सम्मान, अधिकारों और सामाजिक योगदान को भी समान संवेदनशीलता के साथ समझना आवश्यक है।

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं