वृद्धजनों के सम्मान, सुरक्षा और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के दिए निर्देश
हमीरपुर। वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा एवं बेहतर जीवनयापन की व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल ने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां निवास कर रहे बुजुर्गों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राम प्यारे सरोज के दिशा-निर्देशन में किए गए इस निरीक्षण के दौरान वृद्धाश्रम में लगभग 114 वृद्धजन निवासरत पाए गए। सचिव ने वृद्धजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं, जरूरतों एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही वृद्धाश्रम में उपलब्ध आवास, भोजन, स्वच्छता और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सचिव वंदना अग्रवाल ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वृद्धजनों के सम्मान, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्हें शासन द्वारा निर्धारित सभी आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी बुजुर्ग को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक, सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। उनके अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाना आवश्यक है।
उल्लेखनीय है कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों के संरक्षण तथा पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान पराविधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) पवन तिवारी एवं सुश्री हुमैरा उपस्थित रहे।







