श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में संविधान संवाद कार्यक्रम आयोजित, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल ने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी कराया बोध
हमीरपुर। विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना विकसित करने और उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, हमीरपुर में संविधान संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत ‘एक स्वर, एक संविधान’ विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों ने एक साथ भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के संवैधानिक आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राम प्यारे के दिशा-निर्देशन तथा सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती वंदना अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में सचिव वंदना अग्रवाल ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को उसके दायित्वों का बोध कराने वाला मार्गदर्शक भी है। विद्यार्थियों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता जैसे मूल संवैधानिक आदर्शों का महत्व समझाते हुए उन्होंने जागरूक, जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने और संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन रहा। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, विद्यालय प्रबंधक, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने एक स्वर में प्रस्तावना का पाठ किया। इस सामूहिक आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका को समझने का अवसर मिला।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्री सुरेश कुमार शर्मा, प्रधानाचार्य श्री अवधेश कुमार शुक्ला, शिक्षकगण तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवक (PLV) श्री सियाराम प्रजापति एवं श्री शिवनारायण सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को संविधान के सिद्धांतों, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक कर उनमें समानता, बंधुता, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
IKVNEWS | हमीरपुर
सच को बयान करती खबरें







