मतदाता सूची में एक भी पात्र नागरिक का नाम छूटने न पाए, डीएम ने बूथों का किया निरीक्षण

SHARE:

जीजीआईसी और विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में मतदाता पंजीकरण कार्यों की समीक्षा, युवा एवं महिला मतदाताओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण पर दिया जोर

हमीरपुर। जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची को अधिक समावेशी एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अशोक कुमार ने शनिवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) एवं विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, हमीरपुर में स्थापित मतदाता पंजीकरण बूथों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किए जा रहे मतदाता पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की और पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से युवा एवं महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर जोर देते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र महिला या पुरुष मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे।

इसके बाद जिलाधिकारी ने तहसील हमीरपुर परिसर में स्थापित मतदाता पंजीयन सहायता केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं पंजीकरण संबंधी कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के इच्छुक नागरिकों को आवश्यक जानकारी और पूरा सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में आयोजित ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) प्रशिक्षण एवं मतदाता जागरूकता अभियान का भी जायजा लिया। उन्होंने ईवीएम के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को मतदाताओं के बीच जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने अथवा पंजीकरण से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए संबंधित तहसीलों में स्थापित मतदाता पंजीयन सहायता केंद्रों से संपर्क करें। इसके अतिरिक्त भारत निर्वाचन आयोग के ECINET ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर भी मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके प्रत्येक युवा सहित सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। इसके लिए बीएलओ एवं संबंधित अधिकारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

IKV NEWS | हमीरपुर

सच को बयां करती खबरें

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं