कोई भी पात्र मतदाता न छूटे, विशेष अभियान दिवस पर डीएम ने 09 मतदान केंद्रों के 23 बूथों का किया निरीक्षण

SHARE:

महिलाओं और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर, अनुपस्थित बीएलओ को नोटिस; पर्यवेक्षण में लापरवाही पर तहसीलदार राठ से भी मांगा जाएगा जवाब

हमीरपुर। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत शनिवार, 28 नवंबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। अभियान के दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार ने तहसील हमीरपुर, राठ एवं सरीला क्षेत्र के 09 मतदान केंद्रों के 23 बूथों का निरीक्षण कर मतदाता पंजीकरण कार्यों और बूथों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रगति, प्राप्त आवेदनों तथा आलेख्य मतदाता सूची की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने उच्च प्राथमिक विद्यालय नदना, उच्च प्राथमिक विद्यालय स्वासा खुर्द, भस्मानंद इंटर कॉलेज निवादा, कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय जल्ला, पीएनबी इंटर कॉलेज चिल्ली, कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय दामूपुरवा, शत्रुघ्न सिंह इंटर कॉलेज राठ, उच्च प्राथमिक विद्यालय ममना एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय धौहल सहित कुल नौ मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान विकासखंड गोहांड के उच्च प्राथमिक विद्यालय नदना में तैनात बीएलओ श्याम करन अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही बीएलओ की अनुपस्थिति और कार्यों के समुचित पर्यवेक्षण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एईआरओ (तहसीलदार) राठ को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी बीएलओ निर्धारित समय तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं।

उन्होंने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं और पात्र महिलाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची का गंभीरता से परीक्षण किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक पंजीकरण से वंचित न रहे और सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाए।

डीएम ने निर्देश दिए कि नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फार्म-6, मतदाता सूची में नाम विलोपन से संबंधित आपत्ति के लिए फार्म-7 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन या निवास परिवर्तन के लिए फार्म-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहें। मतदान केंद्रों पर स्थापित हेल्प डेस्क के माध्यम से नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी और सहायता दी जाए। इसके अलावा 1950 मतदाता हेल्पलाइन के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाए।

डीएम ने युवाओं एवं महिलाओं से की विशेष अपील

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार ने जनपद के सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं से अपील की कि वे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के दौरान मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा फार्म-6 के माध्यम से अपना पंजीकरण कराएं। वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर फार्म-8 के जरिए संशोधन कराएं।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है। यह केवल निर्वाचन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। सभी लोग स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार, पड़ोस तथा आसपास के पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि जनपद में कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे और प्रत्येक नागरिक को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का अवसर मिले।

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं