#महोबा:- मंडल रेल प्रबंधक झांसी श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे महोबा रेलवे स्टेशन का व्यापक एवं गहन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम मंडल रेल प्रबंधक द्वारा महोबा स्थित रेलवे स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने वार्ड, मेडिसिन रूम तथा स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं एवं साफ-सफाई की स्थिति का सूक्ष्म अवलोकन किया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी स्वास्थ्य संबंधी कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूर्णतः डिजिटल प्रणाली के अंतर्गत लाया जाए, जिससे पारदर्शिता एवं कार्यकुशलता सुनिश्चित हो सके।
इसके उपरांत स्टेशन परिसर के विभिन्न प्लेटफॉर्मों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने स्थापित स्टॉल, पेयजल बूथों पर पानी की उपलब्धता, वाटर कूलर, शौचालयों की स्थिति तथा साफ-सफाई का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन स्थित विभिन्न कार्यालयों की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि एक पेयजल बूथ फुटओवर ब्रिज (FOB) की सीढ़ियों के समीप अवस्थित है, जिसे यात्रियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए।
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्लेटफॉर्म पर जहां ट्रेनों के सामान्य (जनरल) कोच रुकते हैं, वहां पेयजल बूथ की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को सुविधा प्राप्त हो सके।
गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए उन्होंने प्लेटफॉर्म शेड में स्थापित पंखों की समुचित कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे यात्रियों को अधिकतम राहत मिल सके।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने 12 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज के दोनों ओर बाहरी दिशा में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके।
इसके साथ ही रेलवे कॉलोनियों में कंडम (अप्रयुक्त एवं जर्जर) पड़े रेलवे आवासों को शीघ्र डिस्मेंटल करने के निर्देश दिए गए।
आईआरसीटीसी द्वारा संचालित रेल भोजनालय का निरीक्षण करते हुए उन्होंने वहां साफ-सफाई एवं सेवा गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को बेहतर खानपान सुविधा उपलब्ध हो सके।
इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने मीडिया से भी बात कर चल रहे विकास कार्यों के बारे में सभी मीडिया कर्मियों को अवगत कराया।
मंडल रेल प्रबंधक ने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा, सहित अन्य अधिकारीएवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे ।








