लोकायुक्त सचिव डॉ. सीमा बसल द्वारा जारी पत्र में निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित अधिकारी अपने पक्ष का स्पष्ट जवाब निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रस्तुत करें
#महोबा: (नितेन्द्र झां)उत्तर प्रदेश लोकायुक्त कार्यालय ने जनपद महोबा के ग्राम पंचायत मुहरी, विकास खंड जैतपुर से जुड़े एक शिकायत मामले में सख्ती दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता राजकुमार श्रीवास द्वारा प्रस्तुत परिवाद के आधार पर लोकायुक्त कार्यालय ने मामले का संज्ञान लिया है। इस संदर्भ में पूर्व एवं वर्तमान ग्राम पंचायत अधिकारियों से संबंधित अभिलेख और पत्राचार का उल्लेख करते हुए विस्तृत जांच प्रक्रिया शुरू की गई है।
लोकायुक्त सचिव डॉ. सीमा बसल द्वारा जारी पत्र में निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित अधिकारी अपने पक्ष का स्पष्ट जवाब निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रस्तुत करें। पत्र में कहा गया है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों और अभिलेखों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
बताया गया है कि इस प्रकरण में विभिन्न तिथियों पर संबंधित अधिकारियों के पत्राचार का हवाला देते हुए स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया है। साथ ही निर्देशित किया गया है कि जवाब 05 मई 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए।
इस कार्रवाई से ग्राम पंचायत स्तर पर प्रशासनिक कार्यप्रणाली और पारदर्शिता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।







