चोरी का ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद, 2 बदमाश गोली लगने से घायल
(नितेन्द्र झां)
महोबा :- चरखारी पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी करने वाले अन्तर्राज्यीय गैंग का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस मुठभेड़ में तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के कब्जे से चोरी का ट्रैक्टर-ट्रॉली, तीन अन्य संदिग्ध ट्रैक्टर, अवैध तमंचे, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल भी हुए।
पुलिस के अनुसार, थाना चरखारी क्षेत्र के रायनपुर निवासी दीनदयाल ने 1 मई को शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 अप्रैल की रात उनका महिन्द्रा 475 डीआई ट्रैक्टर मय ट्रॉली अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन में थाना चरखारी, स्वॉट और सर्विलांस टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी किया गया ट्रैक्टर-ट्रॉली मध्यप्रदेश ले जाकर बेचने की तैयारी की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने गौरहारी और भटेवरा कलां के बीच टूटी पुलिया के पास घेराबंदी कर दी। देर रात संदिग्ध ट्रैक्टर आते ही पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश ट्रैक्टर छोड़कर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हो गए, जबकि तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गजेन्द्र बघेल, रंजीत बघेल और रविन्द्र बघेल निवासी मुरैना, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी का ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो तमंचे 315 बोर, चार कारतूस, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। आरोपियों की निशानदेही पर ग्राम गुढ़ा के एक बाग से तीन अन्य संदिग्ध ट्रैक्टर भी बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने चरखारी क्षेत्र से ट्रैक्टर चोरी की वारदात स्वीकार कर ली है। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड और अन्तर्राज्यीय नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए पहले सीएचसी चरखारी और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस मुठभेड़, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।








