30 जून को सतीश अवस्थी पर हुए हमले के मामले में कोतवाली नगर पुलिस की कार्रवाई, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
(नितेन्द्र झां)
#महोबा। अधिवक्ता सतीश अवस्थी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना में वांछित चल रहे 10-10 हजार रुपये के दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को मुखबिर की सूचना पर करिया पठवा पहाड़ के पीछे बजरिया क्षेत्र से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को ग्राम बरात पहाड़ी निवासी अधिवक्ता सतीश अवस्थी महोबा शहर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मुल्ला के खड़े के पास कुछ नामजद एवं अन्य व्यक्तियों ने उनका रास्ता रोककर मारपीट की थी। मामले में कोतवाली नगर में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर रविकांत गोंड के नेतृत्व में लगातार दबिश और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही थी। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस ने वांछित एवं 10-10 हजार रुपये के इनामी आरोपी विकास राजपूत (20) निवासी बरात पहाड़ी तथा हनी सिंह उर्फ सुनील (25) निवासी डाक बंगला के पास, महोबा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तारी करने वाली टीम में अपराध निरीक्षक आशीष सिंह भदौरिया, हेड कांस्टेबल सूरज सिंह चौहान और हेड कांस्टेबल बृजेश सिंह तोमर शामिल रहे।







