(नितेन्द्र झां)
#महोबा। पुलिस ने महज तीन दिनों के भीतर ₹50 हजार की जेबकतरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक अंतरजनपदीय शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। कोतवाली नगर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, पीड़ित के दस्तावेज, अवैध असलहे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह तथा क्षेत्राधिकारी नगर रविकांत गोंड के निकट पर्यवेक्षण में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
पुलिस के अनुसार 7 जुलाई 2026 को मध्य प्रदेश के छतरपुर जनपद के थाना सरवई क्षेत्र निवासी महेश्वरीदीन गुप्ता नवीन गल्ला मंडी महोबा स्थित एक व्यापारी की गद्दी से ₹1 लाख लेकर ई-रिक्शा से प्राइवेट बस स्टैंड जा रहे थे। जब ई-रिक्शा जिला अस्पताल के सामने पहुंचा, तभी उसमें बैठे एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब से ₹50 हजार निकाल लिए और मौके से फरार हो गया।
पीड़ित की तहरीर पर थाना कोतवाली नगर में मु0अ0सं0 321/26 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल विशेष टीम गठित की। कोतवाली नगर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी माध्यमों से आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की।
10 और 11 जुलाई की रात थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के करिया पठवा के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चार संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला, जबकि बाकी तीन आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें विपिन गेहार घायल हो गया। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत स्थिर बताई है।
पूछताछ में किया चोरी का खुलासा
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ही महेश्वरीदीन गुप्ता की जेब से ₹50 हजार चोरी किए थे। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपी👉🏻
विपिन गेहार (30 वर्ष), निवासी पटेल नगर, कोतवाली उरई, जनपद जालौन (मुठभेड़ में घायल)
कमल गेहार (25 वर्ष), निवासी पटेल नगर, जनपद जालौन
पिंकिल गेहार (32 वर्ष), निवासी पिलखनी, थाना भोगनीपुर, जनपद कानपुर देहात
फरार आरोपी:
करन कंजर, निवासी पिलखनी, थाना भोगनीपुर, जनपद कानपुर देहात।
बरामदगी
₹9,500 नकद
पीड़ित का आधार कार्ड एवं उसकी छायाप्रति
मध्यांचल ग्रामीण बैंक एवं एसबीआई की दो पासबुक
दो अवैध 315 बोर तमंचे
एक जिंदा कारतूस
दो खोखा कारतूस
एक मिस कारतूस
घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल
पंजीकृत मुकदमे👉🏻
पुलिस मुठभेड़ के बाद आरोपियों के विरुद्ध मु0अ0सं0 332/26 धारा 109(1)/3(5) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं मूल मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस भी बढ़ाई गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
लंबा है आपराधिक इतिहास👉🏻
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विपिन गेहार पर जालौन, झांसी, लखनऊ, मेरठ और महोबा सहित कई जनपदों में चोरी, लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के 17 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
आरोपी पिंकिल गेहार पर झांसी, जालौन, कौशांबी और महोबा में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट समेत 11 मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं कमल गेहार के खिलाफ झांसी और महोबा में चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के 4 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से विभिन्न जनपदों में सक्रिय थे और जेबकतरी व चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। अब फरार आरोपी की तलाश जारी है तथा पूरे गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।







