कबरई में संगठित जुआ गिरोह का भंडाफोड़, नौ गिरफ्तार, चार फरार 

SHARE:

 

1.11 लाख नकद, मोबाइल और चार मोटरसाइकिल बरामद

महोबा। कबरई थाना क्षेत्र में पुलिस ने संगठित रूप से जुआ खिलाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से ₹1 लाख 11 हजार 600 रुपये नकद, ताश की गड्डियां, सात मोबाइल फोन और चार मोटरसाइकिल समेत जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई है। कार्रवाई के दौरान चार आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 11 अगस्त 2026 को जनपदीय SOG, सर्विलांस और थाना कबरई पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर की। टीम ने न्यू गणेश ग्रेनाइट क्रेशर के आगे ग्राम बीला उत्तर में खेतों की झाड़ियों के पास घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस का दावा है कि मौके पर कुछ लोग संगठित रूप से ताश के पत्तों पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेलते और खिलाते मिले।
नौ आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से प्रेम नारायण प्रजापति निवासी चिचारा, उमेश सोनी निवासी मलखपुरा महोबा, अनिल कुमार वर्मा निवासी किदवई कबरई, राजकुमार कुशवाहा निवासी जैतपुर, मनीष पाण्डेय निवासी इमलियाबाड़ा महोबा, कृष्ण कुमार प्रजापति निवासी किदवई नगर कबरई, गणेश गुप्ता निवासी मानिलियापुरा महोबा, अनीष निवासी राजेन्द्र नगर कबरई और उत्तम सिंह निवासी खुजरिया पहरा कबरई को गिरफ्तार किया।
वहीं जहांगीर, बड़का ठाकुर उर्फ छत्रपाल, कल्लू कादू उर्फ मो. हसन और अम्बरीश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपियों की तलाश में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
लाखों की रकम नहीं, लेकिन बड़ी नकदी बरामद
छापेमारी में पुलिस ने ₹1,11,600 नकद, 52 ताश के पत्ते, सील पैक ताश की चार गड्डियां, सात मोबाइल फोन और चार मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने संगठित होकर ताश के पत्तों से जुआ खेलने-खिलाने तथा हार-जीत की बाजी लगाकर धन अर्जित करने की बात बताई।
मामले में थाना कबरई में मु.अ.सं. 180/26 के तहत धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1867 एवं धारा 112(2) बीएनएस में अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।
SOG और सर्विलांस टीम की रही अहम भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महोबा शशांक सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक वन्दना सिंह के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर रविकांत गोंड के नेतृत्व में की गई। थाना कबरई पुलिस के साथ जनपदीय SOG और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।
गौरतलब है कि फरार आरोपियों को पुलिस अब तक सलाखों के पीछे धकेल पाती है यह देखना दिलचस्प रहेगा।

 

Nitendra Jha
Author: Nitendra Jha