#महोबा : नाग पंचमी के अवसर पर चरखारी क्षेत्र स्थित मां मदारन माता मंदिर परिसर में आयोजित मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक महोबा शशांक सिंह ने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया।
एसपी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, सुगम आवागमन, यातायात व्यवस्था और शांति-व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने भीड़ वाले स्थानों पर प्रभावी पुलिस व्यवस्था बनाए रखने, मेला क्षेत्र में सुगम यातायात सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। महोबा पुलिस की ओर से मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी चरखारी दीपक दुबे, प्रभारी निरीक्षक चरखारी बीरेंद्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।








