हमीरपुर में मीडिया प्रतिनिधियों का होगा सत्यापन, 31 अगस्त तक मांगी गई जानकारी

SHARE:

जिला प्रशासन ने सभी प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों से मांगा विवरण, नाम-पदनाम से लेकर मोबाइल नंबर तक देना होगा

हमीरपुर। जनपद में विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों की ओर से कार्य कर रहे पत्रकारों, संवाददाताओं एवं अन्य मीडिया प्रतिनिधियों के विवरण को अद्यतन एवं अभिलेखित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस संबंध में कार्यालय जिलाधिकारी, हमीरपुर की ओर से जिले के सभी संपादकों, ब्यूरो प्रमुखों एवं प्रबंधकों को पत्र जारी कर अपने संस्थान की ओर से कार्यरत मीडिया प्रतिनिधियों का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

19 अगस्त 2026 को जारी पत्र में अपर जिलाधिकारी एवं प्रभारी मीडिया, जनपद हमीरपुर विजय सिंह ने कहा है कि जनपद में विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों की ओर से पत्रकार/संवाददाता/प्रतिनिधि के रूप में कार्य कर रहे मीडिया प्रतिनिधियों का विवरण अद्यतन एवं अभिलेखित किया जाना है। इसके लिए संबंधित मीडिया संस्थानों से अपने प्रतिनिधियों के प्राधिकरण की पुष्टि कराई जा रही है।

इन जानकारियों का देना होगा विवरण

जिला प्रशासन ने मीडिया संस्थानों से वर्तमान में जनपद हमीरपुर में कार्यरत प्रत्येक पत्रकार, संवाददाता या ब्यूरो प्रतिनिधि के संबंध में निम्न जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है—

  • मीडिया प्रतिनिधि का नाम
  • पदनाम/दायित्व, जैसे ब्यूरो चीफ, संवाददाता, प्रतिनिधि आदि
  • मोबाइल नंबर
  • जनपद हमीरपुर में कार्यक्षेत्र/तहसील, यदि निर्धारित हो
  • संबंधित व्यक्ति के संस्थान द्वारा अधिकृत होने तथा वर्तमान में संस्थान के लिए कार्यरत होने की स्पष्ट पुष्टि

प्रशासन ने यह भी कहा है कि उपलब्ध कराई जाने वाली सूचना पर संस्थान के संपादक, प्रबंध संपादक, ब्यूरो प्रमुख अथवा अधिकृत सक्षम अधिकारी के हस्ताक्षर एवं संस्थान की मुहर होना आवश्यक है।

31 अगस्त तक उपलब्ध करानी होगी सूचना

पत्र में कहा गया है कि यदि किसी संस्थान की ओर से पूर्व में कार्यरत कोई पत्रकार या संवाददाता वर्तमान में संस्थान के लिए कार्य नहीं कर रहा है, तो उसके संबंध में भी स्पष्ट रूप से अवगत कराया जाए, ताकि मीडिया प्रतिनिधियों से संबंधित अभिलेखों को अद्यतन रखा जा सके।

जिला प्रशासन ने संबंधित संस्थानों से यह सूचना 31 अगस्त 2026 तक जिला सूचना कार्यालय, हमीरपुर को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। इसके लिए ई-मेल तथा व्हाट्सऐप के माध्यम से भी जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था बताई गई है।

प्रशासन के अनुसार, यह प्रक्रिया जनपद में कार्यरत मीडिया प्रतिनिधियों के अधिकृत एवं अद्यतन विवरण को व्यवस्थित रूप से दर्ज करने तथा भविष्य में मीडिया संबंधी आधिकारिक सूचनाओं के संप्रेषण में सुविधा के उद्देश्य से की जा रही है।

IKV NEWS | हमीरपुर

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं