हमीरपुर। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और स्थायी समाधान को लेकर जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण न किया जाए, बल्कि समस्या के मूल कारण तक पहुंचकर उसका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं। प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होने वाली इस जनसुनवाई में राजस्व, विकास, विद्युत, सड़क, पेयजल, भूमि विवाद, राशन, पेंशन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रार्थना-पत्र पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले फरियादियों की समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए आवश्यकता के अनुसार तहसील एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को गूगल मीट के माध्यम से सीधे जनसुनवाई से जोड़ा गया, जिससे मौके पर ही संबंधित प्रकरण की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा सकें।

बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाएं फरियादी
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले लोगों को एक ही समस्या के लिए तहसील, ब्लॉक या कलेक्ट्रेट के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। जिन मामलों का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से उच्च स्तर पर लंबित रखने के बजाय संबंधित अधिकारी स्वयं जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को निस्तारण की स्थिति की जानकारी भी दी जाए। शिकायतकर्ता की संतुष्टि और समस्या का स्थायी समाधान ही शिकायत निस्तारण की वास्तविक कसौटी है।
लंबित शिकायतों की होगी नियमित समीक्षा
जिलाधिकारी ने सभी तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को जनसुनवाई से संबंधित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा लंबित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनता दर्शन शासन की जनकल्याणकारी व्यवस्था का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रत्येक फरियादी की बात संवेदनशीलता और गंभीरता से सुनी जाए तथा उसे न्यायसंगत समाधान उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और स्थायी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
IKV NEWS | हमीरपुर








