लापरवाही पर प्रशासन का शिकंजा: 4 प्रधानाध्यापक निलंबित, 9 को कारण बताओ नोटिस

SHARE:

विद्यालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों में निरीक्षण अभियान तेज, शिक्षक-बच्चों की उपस्थिति और मिड-डे मील की गुणवत्ता पर प्रशासन की सख्ती

हमीरपुर। जनपद के प्राथमिक विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा बच्चों की कम उपस्थिति और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को लेकर मिल रही शिकायतों एवं मीडिया में प्रकाशित खबरों को जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान अगस्त माह में विभिन्न विद्यालयों में लापरवाही एवं अनियमितताएं पाए जाने पर 4 प्रधानाध्यापकों को निलंबित किया गया है, जबकि 9 प्रधानाध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से विद्यालयों में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों में हड़कंप मचा है।

मुख्य विकास अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह ने बताया कि जिन विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता में लापरवाही पाई गई, वहां भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भविष्य में ऐसी अनियमितताओं की पुनरावृत्ति न करने की स्पष्ट चेतावनी दी गई है।

उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा सभी शिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों में शत-प्रतिशत शिक्षक उपस्थिति, बच्चों की उपस्थिति में वृद्धि तथा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों के पालन को प्राथमिकता देने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा निर्धारित दायित्वों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

IKV News
Author: IKV News