29 से 31 अगस्त तक राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को किया जाएगा पुरस्कृत
IKVNEWS |हमीरपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जनपद हमीरपुर में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला खेल कार्यालय, हमीरपुर के तत्वावधान में 29 से 31 अगस्त 2026 तक राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम, हमीरपुर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
यह आयोजन हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी के जन्मदिवस के अवसर पर किया जा रहा है। प्रतियोगिताओं में 14 वर्ष तक के बालकों की जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के साथ जूनियर बालक-बालिकाओं की एथलेटिक्स, साइकिल रैली तथा अन्य खेल गतिविधियां शामिल हैं।

29 अगस्त को हॉकी और एथलेटिक्स के मुकाबले
खेल कार्यक्रम की शुरुआत 29 अगस्त को प्रातः 9 बजे राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम, हमीरपुर में होगी। इस दिन 14 वर्ष तक के बालकों की हॉकी प्रतियोगिता तथा जूनियर बालक-बालिकाओं की एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, डिस्कस थ्रो और जैवलिन थ्रो जैसी स्पर्धाएं होंगी।
30 अगस्त को निकलेगी साइकिल रैली
30 अगस्त को प्रातः 8 बजे जूनियर बालक-बालिकाओं की संडे साइकिल रैली आयोजित की जाएगी। इसका आयोजन भी राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम, हमीरपुर से किया जाएगा।
31 अगस्त को अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में मुकाबले
तीन दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन 31 अगस्त को प्रातः 9 बजे बालक वर्ग के अंडर-14 एवं अंडर-19 वर्ग में एकल एवं युगल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके साथ पास द बॉल रिक्रिएशन गेम्स भी कराए जाएंगे।
आयोजन के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
विद्यालयों से खिलाड़ियों को भेजने की अपील
जिला खेल कार्यालय की ओर से सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों से अपील की गई है कि वे अपने विद्यालय के बालक-बालिका खिलाड़ियों को उनकी जन्मतिथि प्रमाणित करने वाले अभिलेखों के साथ खेल शिक्षक के माध्यम से निर्धारित तिथि एवं समय पर राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम, हमीरपुर भेजें।
विशेष रूप से हॉकी प्रतियोगिता के लिए बालकों की टीम की सूची 28 अगस्त को शाम 5 बजे तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजन का उद्देश्य जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
—







