राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एवं सरदार पटेल बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं ने दिया स्वच्छ गंगा का संदेश
हमीरपुर। गंगा नदी की स्वच्छता, संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार, 25 सितम्बर 2026 को जनपद हमीरपुर में गंगा स्वच्छता पखवाड़ा एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार के निर्देश एवं प्रभागीय वनाधिकारी श्री अरविंद कुमार के दिशा-निर्देशन में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, हमीरपुर तथा सरदार पटेल बालिका इंटर कॉलेज, हमीरपुर में छात्राओं के बीच रंगोली एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए गंगा स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और नदी संरक्षण से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मकता एवं ज्ञान का प्रदर्शन किया। रंगोली के माध्यम से छात्राओं ने स्वच्छता एवं जल संरक्षण का संदेश दिया, वहीं क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से गंगा एवं पर्यावरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों को साझा किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं एवं युवाओं को गंगा नदी की स्वच्छता एवं संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों से जोड़ना रहा। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, जल संरक्षण करने तथा समाज के अन्य लोगों को भी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को गंगा स्वच्छता एवं संरक्षण की शपथ दिलाई गई। सभी ने गंगा सहित अन्य जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, जल का संरक्षण करने तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक के रूप में कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर दोनों विद्यालयों की प्रधानाचार्यों एवं समस्त स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता करते हुए छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। सरदार पटेल बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम सचान, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती सरस्वती देवी, जिला परियोजना अधिकारी, नमामि गंगे, हमीरपुर श्री धीरेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागीय एवं वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं ने समाज को यह संदेश दिया कि गंगा और पर्यावरण की स्वच्छता केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।







