‘सबकी योजना, सबका विकास’ के तहत ग्राम सभाओं में ग्रामीणों की भागीदारी से तैयार होगी वर्ष 2026-27 की ग्राम पंचायत विकास योजना
हमीरपुर। गांधी जयंती के अवसर पर जनपद हमीरपुर की सभी ग्राम पंचायतों में 02 अक्टूबर 2026 को ‘रिफॉर्म उत्सव’ का आयोजन ‘पीपुल्स प्लान कैम्पेन’ (सबकी योजना, सबका विकास) के साथ समन्वित रूप से किया जाएगा। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिक केंद्रित सुधारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और विकासात्मक पहलों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान ग्राम सभाओं में ग्राम्य विकास, कृषि, सिंचाई, राजस्व, खाद्य, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। अधिकारी फ्लिप चार्ट, पोस्टर और लघु वीडियो के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं एवं सुधारात्मक पहलों की सरल भाषा में जानकारी देंगे।
योजनाओं और सुधारों की दी जाएगी जानकारी
ग्राम सभाओं में ग्रामीण विकास एवं प्रशासनिक सुधारों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की जाएगी। इनमें 16वें वित्त आयोग के अंतर्गत प्रति व्यक्ति वार्षिक अनुदान में वृद्धि, स्वामित्व योजना के तहत ड्रोन सर्वे के माध्यम से प्रॉपर्टी कार्ड वितरण तथा ‘सभासार’ और ‘पंचायत निर्णय’ ऐप के जरिए समीक्षा व्यवस्था की जानकारी प्रमुख रूप से शामिल रहेगी।
इसके अलावा ‘विकसित भारत-रोजगार मिशन (ग्रामीण)’ के तहत रोजगार गारंटी को 100 से बढ़ाकर 125 दिन किए जाने, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, जल जीवन मिशन 2.0 के तहत हर घर नल से जल पहुंचाने और ‘कैच द रेन’ अभियान के जरिए वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के संबंध में भी ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।
नशामुक्ति और बाल विवाह के खिलाफ दिलाया जाएगा संकल्प
अभियान के दौरान प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत वर्ष 2028 तक नि:शुल्क खाद्यान्न उपलब्धता, डिजिटल भू-अभिलेखों की स्थिति तथा नए आपराधिक कानूनों BNS, BNSS और BSA के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी जाएगी।
ग्राम सभाओं में ‘नशा मुक्त ग्राम’ और ‘बाल विवाह मुक्त पंचायत’ बनाने का संकल्प भी दिलाया जाएगा। इस दौरान ग्रामीणों को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक करते हुए पंचायत स्तर पर सामूहिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
ग्रामीणों के सुझावों से बनेगी ग्राम पंचायत विकास योजना
जिलाधिकारी ने बताया कि ग्राम सभाओं में ग्रामीणों से प्राप्त सुझावों और स्थानीय आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर संकलित किया जाएगा। इन सुझावों को वर्ष 2026-27 की ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) में शामिल किया जाएगा तथा संबंधित विवरणों को डिजिटल रूप से दर्ज किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 02 अक्टूबर को अपने ग्राम पंचायत सचिवालय में आयोजित ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गांव की विकास योजनाओं के निर्धारण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। प्रशासन का उद्देश्य ग्राम स्तर पर योजनाओं की जानकारी, पारदर्शिता और जनभागीदारी को मजबूत करते हुए ‘सबकी योजना, सबका विकास’ की भावना को धरातल पर उतारना है।
— IKVNEWS







