12वीं की छात्रा से रास्ते में जबरदस्ती, कान की बालियां लूटकर फरार हुए दो बदमाश

SHARE:

हमीरपुर/सुमेरपुर। सुमेरपुर कस्बे में बोड़ा धर्मशाला के पास स्कूल से घर लौट रही 12वीं कक्षा की छात्रा के साथ दो युवकों द्वारा जबरदस्ती करने और कान की बालियां लूटने का मामला सामने आया है। छात्रा के विरोध करने पर उसके हाथ और कान में चोट आने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पीड़ित छात्रा के मुताबिक, वह हमीरपुर के एक विद्यालय में कक्षा 12वीं की छात्रा है। स्कूल की छुट्टी के बाद वह स्कूल बस से उतरकर घर की ओर जा रही थी। आरोप है कि जैसे ही वह बोड़ा धर्मशाला के पास गली के रास्ते आगे बढ़ी, वहां पहले से घात लगाकर बैठे दो युवकों ने उसे पकड़ लिया।

छात्रा ने आरोप लगाया कि दोनों बदमाशों ने उसका हाथ पकड़ लिया और मुंह दबाने की कोशिश की। छात्रा ने इसका विरोध किया और खुद को छुड़ाने का प्रयास किया। इसी दौरान उसके हाथ और कान में चोट लग गई। आरोप है कि बदमाश उसके कानों की सोने की बालियां लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद छात्रा ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी आपबीती बताई। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है।

घटना के बाद इलाके में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। पुलिस द्वारा आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

IKV News
Author: IKV News