सीएमओ डॉ. अलका शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को समय पर टीके लगवाने के लिए किया जाएगा प्रेरित
हमीरपुर। जनपद में नियमित टीकाकरण को बढ़ावा देने और बच्चों व गर्भवती महिलाओं को गंभीर बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 23 अक्टूबर 2026 को ‘टीका मित्र रथ’ रवाना किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलका शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता वाहन का शुभारंभ किया। यह वाहन ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को टीकाकरण के महत्व की जानकारी देगा और शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए प्रेरित करेगा।

सहयोगी संस्था GAVI प्रोजेक्ट के अंतर्गत यूनिसेफ समर्थित IPECKD के सहयोग से संचालित इस पहल के माध्यम से बच्चों और गर्भवती महिलाओं को समय पर टीके लगवाने के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही, टीकाकरण से छूटे बच्चों को चिह्नित कर उन्हें नियमित टीकाकरण कार्यक्रम से जोड़ने के लिए परिवारों को प्रेरित किया जाएगा।
टीका मित्र रथ के जरिए टीबी, पोलियो, गलघोंटू, काली खांसी, टेटनस, निमोनिया और खसरा जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव में टीकाकरण की भूमिका के बारे में जानकारी दी जाएगी। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में टीकाकरण को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना, अभिभावकों को जागरूक करना तथा प्रत्येक पात्र बच्चे और गर्भवती महिला तक टीकाकरण सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में सहयोग करना है।
स्वास्थ्य विभाग को उम्मीद है कि इस जागरूकता वाहन के माध्यम से अधिक से अधिक परिवारों को नियमित टीकाकरण अभियान से जोड़ा जा सकेगा। व्यापक प्रचार-प्रसार के जरिए टीकाकरण के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ाने और बच्चों व माताओं को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सी.बी. राजपूत, एसीएमओ डॉ. अनूप कुमार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार, डीएचईआईओ अनिल यादव, WHO से डॉ. श्रेया अग्रवाल, GAVI से धर्मवीर सिंह, TSU से अमित मिश्रा, JSI से सिद्धगोपाल त्रिवेदी, डीडीएम सिद्धार्थ शंकर सिंह, डीएमओ आर.के. यादव, डीएमसीएच दीपक यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।







