जनगणना-2027: 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना, घर बैठे पोर्टल पर दर्ज करें अपनी जानकारी

SHARE:

जिलाधिकारी अशोक कुमार की अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित, अधिकारियों को जागरूकता अभियान चलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई

हमीरपुर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अशोक कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में अधिकाधिक नागरिकों की स्व-गणना सुनिश्चित कराने तथा व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्व-गणना की तैयारियों एवं प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी देते हुए संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभागों के माध्यम से आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी अशोक कुमार ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसमें जनपद के अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि स्व-गणना की प्रक्रिया, निर्धारित अवधि एवं ऑनलाइन पोर्टल की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए, जिससे नागरिक घर बैठे आसानी से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकें।

उन्होंने अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने स्व-गणना के प्रचार-प्रसार एवं तैयारियों में आपसी समन्वय बनाए रखने तथा कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं से समय रहते अवगत कराने को कहा, ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके।

जिला प्रभारी ने स्व-गणना की प्रक्रिया एवं संबंधित कार्ययोजना की जानकारी देते हुए नागरिकों को सही एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को जनगणना के दौरान अपनी जानकारी पूर्ण एवं सही रूप से दर्ज करने के लिए जागरूक किया जाए।

16 नवंबर से 30 नवंबर तक होगी स्व-गणना

जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना की अवधि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। इस दौरान नागरिक https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर घर बैठे अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे।

इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्व-गणना की सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा जनगणना के दौरान प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जिला प्रभारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं