डीएम अशोक कुमार और एसपी मृगांक शेखर पाठक ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश; नवनिर्मित मीटिंग हॉल का भी हुआ उद्घाटन
हमीरपुर। जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील सरीला में जिलाधिकारी अशोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक की मौजूदगी में फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं। इस दौरान कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण की स्थलीय जांच कर निष्पक्षता एवं गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरण में की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि आमजन को प्रभावी न्याय और राहत मिल सके।
नवनिर्मित मीटिंग हॉल का डीएम ने किया उद्घाटन
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अशोक कुमार ने तहसील सरीला परिसर में मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य के बाद तैयार किए गए नवनिर्मित मीटिंग हॉल का उद्घाटन किया। उन्होंने तहसील परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए शासकीय कार्यों के सुचारु संचालन तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
जनपद की अन्य तहसीलों में भी संबंधित उपजिलाधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनकर उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
IKV NEWS | हमीरपुर







