जल जीवन मिशन के निरीक्षण में खुली पेयजल बर्बादी की तस्वीर, घरों के बाहर बहते मिले नल; एडीएम ने जताई नाराजगी

SHARE:

गोहांड के औंटा गांव में अपर जिलाधिकारी विजय सिंह ने किया स्थलीय निरीक्षण, ग्रामीणों को पानी का सदुपयोग करने की दी हिदायत

हमीरपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजय सिंह ने विकासखंड गोहांड के ग्राम औंटा का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई घरों के बाहर नलों से लगातार पानी बहता मिला। पेयजल की इस तरह हो रही अनावश्यक बर्बादी पर अपर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए ग्रामीणों को पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने की हिदायत दी।

निरीक्षण के दौरान मलखान, अशोक, राघवेंद्र, जय हिंद, वीरपाल, राम सहाय, रामस्वरूप, राजू, कपिल राजपूत एवं देवेंद्र के घरों के बाहर नलों से पानी बहता पाया गया। वहीं रघुवीर अपने घर के बाहर भैंस को नहलाते हुए मिले। इस पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित ग्रामीणों को समझाते हुए कहा कि पेयजल जैसी महत्वपूर्ण सुविधा का उपयोग जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। नलों को अनावश्यक रूप से खुला छोड़ना और पीने के पानी को व्यर्थ बहाना उचित नहीं है।



अपर जिलाधिकारी विजय सिंह ने बताया कि जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को उपलब्ध कराया जा रहा पानी ट्रीटेड यानी शोधित पेयजल है। इसका उद्देश्य गांव के प्रत्येक परिवार को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। यदि कुछ लोग पानी की अनावश्यक बर्बादी करते हैं तो इससे गांव के अन्य परिवारों तक पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंचने में परेशानी हो सकती है।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि घरेलू उपयोग के बाद नलों को तत्काल बंद करें, पानी की टंकी भर जाने पर मोटर बंद कर दें तथा पाइपलाइन या नलों में किसी प्रकार का लीकेज होने पर संबंधित विभाग को तुरंत सूचना दें। पेयजल का उपयोग पशुओं को नहलाने, वाहन धोने अथवा अन्य अनावश्यक कार्यों में न करें और पानी को सड़कों एवं नालियों में व्यर्थ न बहने दें।

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन की सफलता केवल प्रत्येक घर तक पेयजल पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उपलब्ध पानी का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से ही जल संरक्षण और नियमित पेयजल आपूर्ति का उद्देश्य पूरा हो सकता है।

निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी गोहांड, सहायक अभियंता जल निगम ग्रामीण हमीरपुर राहुल कुमार, सहायक अभियंता (ईएंडएम) आशीष बाजपेई, ग्राम पंचायत सचिव, कार्यदायी संस्था पीएनसी के प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान एवं पुलिस बल उपस्थित रहे।

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं