22 नवंबर को स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा हवाई हमले की चेतावनी का पूर्वाभ्यास, पुलिस-फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य विभाग दिखाएंगे राहत-बचाव का दम
हमीरपुर। आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासनिक तैयारियों और राहत-बचाव व्यवस्था की हकीकत परखने के लिए हमीरपुर में 22 नवंबर को ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। रविवार शाम छह बजे हवाई हमले की चेतावनी का संकेत देते हुए सायरन गूंजेगा और ड्रिल क्षेत्र में ब्लैक आउट किया जाएगा। हालांकि, सायरन की आवाज सुनकर घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह किसी वास्तविक खतरे का संकेत नहीं, बल्कि आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित पूर्वाभ्यास होगा।
प्रभारी उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा एवं अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) राकेश कुमार ने बताया कि मॉक ड्रिल का आयोजन हमीरपुर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा। इसका सजीव प्रदर्शन शाम पांच बजे से प्रारंभ होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम छह बजे दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में हवाई हमले की चेतावनी का सायरन बजाया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्र में ब्लैक आउट किया जाएगा। इसके बाद खतरा टलने का संकेत देने के लिए दो मिनट तक एक समान आवाज में ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा।
इस दौरान पुलिस, अग्निशमन एवं एम्बुलेंस के वाहन सायरन बजाते हुए घटनास्थल की ओर रवाना होंगे। मॉक ड्रिल में नागरिक सुरक्षा, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य और नगर पालिका विभाग की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन करेंगी। इसमें आग बुझाने, क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया जाएगा।
वहीं, नगर पालिका की ओर से रैन बसेरे को अस्थायी आश्रय स्थल के रूप में तैयार कर आपदा से प्रभावित लोगों के ठहरने और आवश्यक व्यवस्थाओं का भी प्रदर्शन किया जाएगा। इस अभ्यास के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और आपातकालीन परिस्थितियों में उपलब्ध संसाधनों की कार्यक्षमता का आकलन किया जाएगा।
सायरन सुनकर न घबराएं, अफवाहों से रहें दूर
अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि 22 नवंबर को सायरन बजने अथवा बिजली बंद होने पर किसी प्रकार की घबराहट न करें। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से किसी भी तरह की भ्रामक सूचना अथवा अफवाह न फैलाएं। यह पूरी तरह से पूर्व निर्धारित मॉक ड्रिल है, जिसका उद्देश्य आपदा के समय जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक तैयारियों को मजबूत बनाना है। उन्होंने नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करने की अपील की है।
IKVNEWS | हमीरपुर
सच को बयान करती खबरें







