हमीरपुर में निर्वाचन कार्यों को लेकर सख्ती, बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर रोक

SHARE:

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 एवं विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर डीएम अशोक कुमार ने जारी किए निर्देश, उल्लंघन करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

हमीरपुर। जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 एवं आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अशोक कुमार ने सभी कार्यालयाध्यक्षों, विभागाध्यक्षों तथा निर्वाचन कार्यों से प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश जारी किए हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि कोई भी अधिकारी अथवा कर्मचारी उनकी पूर्व अनुमति के बिना किसी भी परिस्थिति में जनपद मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। अपरिहार्य एवं आकस्मिक परिस्थितियों में मुख्यालय छोड़ना आवश्यक होने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी को पहले जिला निर्वाचन अधिकारी से विधिवत अनुमति प्राप्त करनी होगी।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने चेतावनी दी कि बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय छोड़ना उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना एवं निर्वाचन दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही मानी जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारी अथवा कर्मचारी के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 एवं 1951 की सुसंगत धाराओं तथा अन्य लागू सेवा नियमों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता और निष्ठा के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।

IKV NEWS | हमीरपुर

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं