भूमि विवाद और भूमाफिया से जुड़े मामलों पर प्रशासन सख्त, पुलिस-राजस्व विभाग को मौके पर जांच कर समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश
हमीरपुर। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और फरियादियों को न्याय दिलाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अशोक कुमार ने शनिवार को थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना मझगवां पहुंचकर आमजन की शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद, अवैध कब्जे, अतिक्रमण और एंटी भूमाफिया से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी शिकायतों का स्थलीय सत्यापन करें और तथ्यों के आधार पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
भूमि विवादों में संयुक्त टीम करेगी जांच
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भूमि विवाद और अवैध कब्जे से संबंधित शिकायतों में केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहा जाए, बल्कि पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच करे। ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार के निर्देश
डीएम अशोक कुमार ने अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि थाने पर अपनी समस्या लेकर आने वाले प्रत्येक फरियादी की बात पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी जाए। शिकायतकर्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का न्यायसंगत समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए।
उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का समय से निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रत्येक पीड़ित को उसकी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों और थानों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें।







