नितेन्द्र झां
#महोबा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 21 जून को महोबा के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:35 बजे पुलिस लाइन महोबा पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 10:45 बजे गोरखगिरि पर्वत स्थल पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना करेंगे।
मुख्यमंत्री सुबह 11:10 बजे मोदी ग्राउंड पहुंचेंगे, जहां वह जनसभा को संबोधित करेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इस दौरान सदर और चरखारी विधानसभा क्षेत्रों की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर जनपदवासियों को विकास की सौगात देंगे।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर पुलिस लाइन, गोरखगिरि पर्वत स्थल और मोदी ग्राउंड पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और जनसभा से जुड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया है। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि कार्यक्रम सकुशल संपन्न हो सके।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री दोपहर 12:15 बजे हेलीकॉप्टर से हमीरपुर के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जनपद में उत्साह का माहौल है, जबकि प्रशासन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।








