गोरख गिरी पर्यटन का बड़ा सब बनने जा रहा जो महोबा की पहचान स्थापित करेगा: मुख्यमंत्री
#नितेन्द्रझां
#महोबा । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने रविवार को महोबा दौरे के दौरान गोरखगिरि पर्वत पर पूजा-अर्चना एवं शिव तांडव मंदिर में दर्शन कर जनपद को 697 करोड़ रुपये की 88 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 25 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 19 परियोजनाओं का शिलान्यास महोबा विधानसभा क्षेत्र में किया गया, जबकि चरखारी विधानसभा क्षेत्र में 24 परियोजनाओं का लोकार्पण और 20 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने गोरखगिरि पर्वत को पर्यटन और एडवेंचर टूरिज्म का नया केंद्र बनाने की घोषणा करते हुए यहां रोपवे निर्माण, होटल एवं अन्य पर्यटन सुविधाओं के विकास की बात कही। उन्होंने कहा कि महोबा महोत्सव से पूर्व पर्वतारोहण प्रतियोगिताओं का आयोजन भी कराया जाएगा।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ जी की तपोस्थली और वीर आल्हा-ऊदल की जन्मभूमि को नमन करते हुए कहा कि महोबा ऊर्जा, वीरता और जल संरक्षण की ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने चंदेल शासकों द्वारा निर्मित तालाबों का उल्लेख करते हुए जल संरक्षण को समय की आवश्यकता बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बुंदेलखंड में सिंचाई, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक कार्य किए हैं। अर्जुन सहायक परियोजना के पूर्ण होने से किसानों को बड़ा लाभ मिला है तथा हर घर नल जल योजना से पेयजल संकट में कमी आई है। उन्होंने वर्षा जल संरक्षण के लिए जनसहभागिता का भी आह्वान किया।
उन्होंने बुंदेलखंड डिफेंस कॉरिडोर, केन-बेतवा लिंक परियोजना तथा क्षेत्र में औद्योगिक विकास की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बुंदेलखंड अब विकास की नई पहचान बन रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महोबा में मेडिकल कॉलेज की आवश्यकता है और सरकार इस दिशा में भी प्रयास करेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता वितरित की। इसमें मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत लैपटॉप, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 165 स्वयं सहायता समूहों को 2.47 करोड़ रुपये का डेमो चेक, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लाभार्थी को आवास की चाबी, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के चयनित अभ्यर्थी को प्रमाण पत्र, सीएम युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता तथा किसानों को अनुदान और मुआवजा राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री मनोहर लाल (मन्नू कोरी), विधायक राकेश गोस्वामी, एमएलसी जितेन्द्र सिंह सेंगर, जिला पंचायत अध्यक्ष जे.पी. अनुरागी, पूर्व सांसद पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल एवं गंगाचरण राजपूत सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।








