डीएम गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में बैठक, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, सुरक्षा, पार्किंग, ई-लॉटरी और बुंदेली थीम पर विशेष जोर
नितेन्द्र झां
#महोबा। जनपद के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक गौरव कजली मेला का आयोजन इस वर्ष 29 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक एक सप्ताह के लिए किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में महोबा संरक्षण एवं विकास समिति की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कजली मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि महोबा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि मेले के दौरान प्रतिदिन ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिनके माध्यम से आल्हा-ऊदल की वीरगाथा, महोबा की ऐतिहासिक धरोहरों और बुंदेली संस्कृति से लोगों को परिचित कराया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने, स्थानीय एवं विद्यालयी कलाकारों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा सभी कार्यक्रमों की सूची तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही विकास प्रदर्शनी के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और महोबा की विरासत का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने पार्किंग व्यवस्था, रूट डायवर्जन, दुकानों के आवंटन के लिए ई-लॉटरी प्रणाली, सीसीटीवी कैमरे, बैरिकेडिंग, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, शोभायात्रा की तैयारियों तथा कीरत सागर क्षेत्र में सुरक्षा एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। वहीं स्टेशन रोड की मरम्मत और आल्हा मंच पर आवश्यक व्यवस्थाएं कराने के भी निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने मेले के दौरान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था, झूलों की सुरक्षा जांच और सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन पर जोर देते हुए कहा कि मेले में किसी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होने दी जाएगी।
बैठक में सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने पिछले वर्ष से बेहतर आयोजन सुनिश्चित करने पर बल दिया, जबकि विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर ने स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने का सुझाव रखा।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संतोष चौरसिया, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी कुंवर पंकज, अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) सूर्यकांत त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी, समाजसेवी दाऊ तिवारी सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।








