नितेन्द्र झां
#महोबा। महोबकंठ थाना क्षेत्र के ग्राम लिलवां में चार घरों में हुई लाखों रुपये की चोरी का महोबा पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने वाला एक आरोपी जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। गिरोह के दो अन्य सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 19/20 जुलाई की रात ग्राम लिलवां में चार घरों में चोरी की वारदात हुई थी। मामले में थाना महोबकंठ में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन में एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की गई थीं। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 4/5 अगस्त की रात रिवई के पास संदिग्धों की घेराबंदी की गई।
पुलिस ने बताया कि रोकने पर एक आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी भूरा उर्फ हरिकिशन राजपूत घायल हो गया। उसके साथ अंशुल राजपूत और प्रिन्स राजपूत को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई। मोटरसाइकिल के वैध दस्तावेज न मिलने पर उसे सीज कर दिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने लिलवां की चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी भूरा उर्फ हरिकिशन पर चोरी, लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत 24 आपराधिक मुकदमे, जबकि अंशुल राजपूत पर 5 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ चोरी के मुकदमे के साथ पुलिस पर जानलेवा हमला, अवैध हथियार रखने और अन्य धाराओं में भी कार्रवाई बढ़ाते हुए न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस ने यह भी विशेष तौर पर बताया है –
1. अभियुक्त/मजरूब भूरा राजपूत उर्फ हरीकिशन पुत्र परमेश्वरीदयाल उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम कुल्हेड़ा थाना मझगवाँ जिला हमीरपुर के कब्जे से बरामदगी –
1. मनचली पीली धातु 01 अदद,
2. कमर हाफपेटी सफेद धातु 01 अदद,
3. 01 अदद चूड़ा सफेद धातु बच्चों का,
4. 6300 रूपये नगद,
5. 01 मोबाइल फोन एप्पल कम्पनी इस्तेमाली,
6. 01 अदद तमंचा 315 बोर उसमें फायर किया हुआ खोखा कारतूस फँसा हुआ व 02 जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद ।
2.अभियुक्त अंशुल राजपूत पुत्र हरमोहन राजपूत उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम कैंथा थाना राठ जिला हमीरपुर के कब्जे से बरामदगी –
1. 02 जोड़ी पायल सफेद धातु
2. 2500 रूपये नगद
3. अभियुक्त प्रिन्स राजपूत पुत्र रवीन्द्र राजपूत उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम टोलारावत थाना मझगवाँ जिला हमीरपुर के कब्जे से बरामदगी –
1. 01 जोड़ी पायल सफेद धातु
2. 2000 रूपये नगद
3. 01 अदद मोबाइल फोन सैमसंग बरामद ।
मौके से भागे हुये अभियुक्तों का विवरण
1.आशू राजपूत पुत्र सिद्धगोपाल उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम कुल्हेड़ा थाना मझगवाँ जिला हमीरपुर
2.अजय राजपूत पुत्र अज्ञात निवासी ग्राम बल्लाय थाना खरेला जिला महोबा







