जलभराव से लोग परेशान, पानी से होकर गुजरने को मजबूर

SHARE:

मिलन गुप्ता / कुरारा, हमीरपुर/ कस्बा कुरारा में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के चलते वार्ड नंबर तीन के टेनरी मोहल्ले में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। रास्तों पर बारिश का पानी भर जाने से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को मजबूरी में पानी से होकर निकलना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान मोहल्ले में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या और गंभीर हो जाती है। नालियां लंबे समय से कीचड़ और गंदगी से भरी हुई हैं, जिसके चलते बारिश का पानी आसानी से बाहर नहीं निकल पा रहा है।

वार्ड तीन के सभासद प्रतिनिधि नफीस अहमद के साथ विनय वर्मा, मंगल, अजय स्वामी, कुंदन, महावीर, नरेश बाल्मीकि आदि लोगों ने बताया कि मोहल्ले में नियमित रूप से सफाई कर्मियों के नहीं आने के कारण नालियों की सफाई नहीं हो पा रही है। नालियां कचरे और कीचड़ से भरी होने के कारण बारिश का पानी रास्तों पर जमा हो जाता है।

जलभराव के कारण स्थानीय लोगों, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से नालियों की तत्काल सफाई कराने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था किए जाने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान हर बार होने वाले जलभराव से राहत मिल सके।

IKV News
Author: IKV News