इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन की तैयारियां पूरी, हमीरपुर में 15,397 मतदाता करेंगे मतदान

SHARE:

23 अक्टूबर को होगा मतदान, 18 मतदेय स्थलों पर मताधिकार का प्रयोग करेंगे स्नातक मतदाता; जनपद 4 जोन और 18 सेक्टरों में विभाजित

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर जनपद हमीरपुर में प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार ने बताया कि निवर्तमान सदस्य डॉ. मान सिंह यादव का कार्यकाल 06 दिसंबर 2026 को समाप्त होने के कारण यह द्विवार्षिक निर्वाचन कराया जा रहा है। निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है।

29 सितंबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर 2026 को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 06 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा 07 अक्टूबर तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि 09 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को होगी तथा निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 तक पूर्ण कर ली जाएगी।

18 मतदेय स्थलों पर 15,397 स्नातक मतदाता

जनपद हमीरपुर में कुल 18 मतदेय स्थल बनाए गए हैं, जहां पंजीकृत 15,397 स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सभी मतदान केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, शौचालय, बैठने सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्वाचन की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने के लिए जनपद को 4 जोन एवं 18 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। संबंधित अधिकारियों को जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है।

अधिकारियों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारियां

निर्वाचन कार्यों के सुचारु संचालन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है। मतदान एवं मतगणना कार्मिकों के प्रशिक्षण और प्रबंधन की जिम्मेदारी मुख्य विकास अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह को सौंपी गई है।

वहीं परिवहन एवं वाहन व्यवस्था का दायित्व डिप्टी कलेक्टर श्री शैलेंद्र बहादुर, निर्वाचन सामग्री, किट वितरण एवं मतपत्र व्यवस्था की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) श्री विजय सिंह को दी गई है।

कंट्रोल रूम एवं शिकायत निवारण का दायित्व डिप्टी कलेक्टर श्री आलोक प्रताप सिंह, वीडियोग्राफी व्यवस्था उपायुक्त (श्रम रोजगार) श्री कृष्णमोहन तथा मीडिया एवं प्रेस प्रबंधन की जिम्मेदारी जिला सूचना अधिकारी श्री सतीश कुमार को सौंपी गई है।

आदर्श आचार संहिता के अनुपालन के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री राजेश कुमार तथा अपर पुलिस अधीक्षक श्री अरविन्द कुमार वर्मा को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अतिरिक्त निर्वाचक नामावली, मतदान स्थल व्यवस्था, चिकित्सा, प्रेक्षक, व्यय अनुवीक्षण, कम्युनिकेशन प्लान, खान-पान, टेंट एवं बैरिकेडिंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए भी अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा निर्वाचन से जुड़े कार्मिकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन निष्पक्षता, पारदर्शिता, सतर्कता एवं समयबद्धता के साथ करें।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सभी मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का समय से सत्यापन कर कमियों को तत्काल दूर कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्वाचन आयोग के निर्देशों तथा आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें।

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं