कजली मेला में झूला लगाने की पुनः नीलामी 19 अगस्त को, बेस प्राइस 18 लाख

SHARE:

(नितेन्द्र झां)

#महोबा : कजली मेला-2026 के दौरान झूला लगाने के लिए खुली बोली/नीलामी की प्रक्रिया 19 अगस्त को होगी। इसके लिए आधार मूल्य 18 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। नीलामी में सर्वाधिक बोली लगाने वाले आवेदक को निर्धारित शर्तों के अनुसार झूला आवंटित किया जाएगा।

जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति) की अध्यक्षता में हुई बैठक में झूला आवंटन की शर्तें तय की गईं। मेला परिसर में 29 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक झूले लगाए जाएंगे।

झूला लगाने के इच्छुक आवेदकों को फोटो, आधार कार्ड की छायाप्रति, पैन कार्ड और एक लाख रुपये प्रतिभूति शुल्क के साथ निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना होगा। आवेदन 19 अगस्त को सुबह 10:30 बजे तक जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे। इसी दिन सुबह 11 बजे से कलेक्ट्रेट सभागार में खुली बोली/नीलामी शुरू होगी।

नीलामी में सबसे अधिक बोली लगाने वाले को बोली की 25 प्रतिशत धनराशि उसी दिन शाम 5 बजे तक, जबकि शेष 75 प्रतिशत धनराशि 48 घंटे के भीतर जमा करनी होगी।

प्रशासन ने मेले में झूले की सवारी का शुल्क 50 रुपये प्रति व्यक्ति प्रति झूला निर्धारित किया है। नीलामी में प्रतिभाग करने वाले आवेदक के पास झूले लगाने का अनुभव होना तथा सक्षम अधिकारी द्वारा जारी पूर्व अनुभव का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

झूला संचालकों को सभी आवश्यक अनापत्तियां एवं सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा। किसी दुर्घटना या अप्रिय घटना की स्थिति में संबंधित झूला मालिक/दुकानदार की जिम्मेदारी होगी। वहीं झूलों की सुरक्षा, स्वाइल टेस्टिंग, विद्युत सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा के मानकों की व्यवस्था संबंधित विभागों द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।

झूला आवंटन से संबंधित जानकारी के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी, महोबा के मोबाइल नंबर 9454293996 पर संपर्क किया जा सकता है। नीलामी से संबंधित अंतिम निर्णय का अधिकार जिलाधिकारी के पास सुरक्षित रहेगा।

 

Nitendra Jha
Author: Nitendra Jha