जल जीवन मिशन की योजनाओं का एडीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, टुल्लू पंप के अवैध उपयोग पर सख्त हिदायत

SHARE:

जखेला में करीब 300 टुल्लू पंप से प्रभावित हो रही जलापूर्ति, पचखुरा में क्षतिग्रस्त नलों से पानी की बर्बादी पर जताई नाराजगी

हमीरपुर। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण परिवारों को नियमित एवं पर्याप्त स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए संचालित योजनाओं की जमीनी स्थिति जानने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री विजय सिंह ने विकासखंड कुरारा के ग्राम जखेला एवं पचखुरा का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जलापूर्ति में आ रही समस्याओं, टुल्लू पंप के अनधिकृत उपयोग तथा सार्वजनिक जलापूर्ति व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की स्थिति का जायजा लिया गया।

करीब 300 टुल्लू पंप से प्रभावित हो रही जलापूर्ति

ग्राम जखेला में निरीक्षण के दौरान जलापूर्ति पाइपलाइन पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों द्वारा टुल्लू पंप लगाए जाने की जानकारी सामने आई। बताया गया कि करीब 300 लोग पाइपलाइन से सीधे टुल्लू पंप के जरिए पानी खींच रहे हैं। इसके चलते पाइपलाइन का दबाव प्रभावित होने से अंतिम छोर यानी टेल पर स्थित घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है।

ग्रामीणों की शिकायत पर मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने स्थिति का निरीक्षण किया और आवश्यक रिपेयरिंग कार्य कराने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को स्पष्ट किया कि मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन पर सीधे टुल्लू पंप लगाना नियम विरुद्ध है। इससे एक क्षेत्र में अधिक पानी खिंचने के कारण दूसरे परिवारों की जलापूर्ति प्रभावित होती है।

उन्होंने ग्रामीणों से अनधिकृत टुल्लू पंप तत्काल हटाने तथा निर्धारित नलों के माध्यम से ही जलापूर्ति का उपयोग करने की अपील की।

क्षतिग्रस्त नलों से हो रही पानी की बर्बादी

ग्राम पचखुरा में निरीक्षण के दौरान चबूतरों पर स्थापित कई नल क्षतिग्रस्त पाए गए। क्षतिग्रस्त नलों से लगातार पानी बहने के कारण पेयजल की बर्बादी हो रही थी। इस पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित लोगों को कड़ी हिदायत देते हुए नलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षतिग्रस्त नलों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्थापित नल, पाइपलाइन और अन्य उपकरण सार्वजनिक संपत्ति हैं। इन्हें नुकसान पहुंचाना न केवल पानी की बर्बादी है, बल्कि सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाने का मामला भी है।

अंतिम छोर तक पानी पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक नियमित और पर्याप्त मात्रा में पेयजल पहुंचाना है। इसके लिए पाइपलाइन, नल एवं अन्य जलापूर्ति संरचनाओं की सुरक्षा के साथ पानी का विवेकपूर्ण उपयोग भी जरूरी है।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि पानी की बर्बादी रोकें, जलापूर्ति व्यवस्था को नुकसान न पहुंचाएं और अंतिम छोर तक समान रूप से पेयजल पहुंचाने में प्रशासन का सहयोग करें। जल जीवन मिशन की परिसंपत्तियों को क्षति पहुंचाने अथवा जलापूर्ति बाधित करने वाले कृत्यों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

IKVNEWS | हमीरपुर

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं