428 गोवंश के बीच पहुंचे डीएम, गौ संरक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं पर कड़ा रुख—लापरवाही पर होगी कार्रवाई

SHARE:

मुस्करा/हमीरपुर। जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार ने मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेंद्र सिंह यादव की उपस्थिति में विकास खंड मुस्करा के अंतर्गत दामू पुरवा स्थित वृहद गौ संरक्षण केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौ संरक्षण केंद्र में कुल 428 गोवंश संरक्षित पाए गए। जिलाधिकारी ने केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को गोवंश के बेहतर संरक्षण, रख-रखाव एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से गोवंश के सुचारू पृथक्कीकरण (Segregation) पर जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि छोटे बछड़ों, बच्चों तथा वयस्क गोवंश को उनकी आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग सुरक्षित बाड़ों में रखा जाए, ताकि सभी पशुओं की समुचित देखभाल सुनिश्चित हो सके।

जिलाधिकारी ने गौ संरक्षण केंद्र परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा गोवंश के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा एवं हरे चारे की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पशुओं के खान-पान और स्वास्थ्य व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।

गौशाला परिसर में आवागमन की स्थिति का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने आंतरिक मार्गों एवं सड़कों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए, जिससे गौशाला में पशुओं की देखभाल तथा आवश्यक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।

जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गोवंश के संरक्षण, चारा-पानी, साफ-सफाई, स्वास्थ्य देखभाल एवं रख-रखाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप दुरुस्त रखने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

IKV News
Author: IKV News