बाल सुरक्षा का संदेश लेकर राठ पहुंचा POCSO जागरूकता अभियान

SHARE:

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं को बताए गए कानूनी अधिकार, अच्छे-बुरे स्पर्श की पहचान और सुरक्षा के उपाय

हमीरपुर। बालिकाओं को लैंगिक अपराधों से सुरक्षा और उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर की ओर से संचालित POCSO जागरूकता अभियान के पांचवें दिन 30 सितंबर 2026 को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राठ में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशन तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती वंदना अग्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, राठ श्री शिवेंद्र मिश्रा, सिविल जज जूनियर डिवीजन, राठ श्री पंकज कुशवाहा तथा तहसीलदार राठ श्री दिलीप कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

छात्राओं को POCSO Act के प्रावधानों की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (POCSO Act) के प्रमुख प्रावधानों के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही बच्चों के कानूनी अधिकार, बाल यौन शोषण से बचाव, अच्छे एवं बुरे स्पर्श की पहचान तथा किसी अप्रिय परिस्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया गया।

अधिकारियों ने छात्राओं को बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों की सुरक्षा के लिए कानून में विशेष प्रावधान किए गए हैं। किसी भी प्रकार की अनुचित घटना या व्यवहार की स्थिति में डरने या चुप रहने के बजाय अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को तत्काल जानकारी देना आवश्यक है।

अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री शिवेंद्र मिश्रा एवं सिविल जज जूनियर डिवीजन श्री पंकज कुशवाहा ने छात्राओं को POCSO अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों तथा बालिकाओं के कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और जागरूकता बाल अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

पुलिस की भूमिका और सहायता तंत्र की दी जानकारी

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के श्री सफवान अहमद एवं श्री लियाकत अली, पीएलवी श्री नीरज विश्वकर्मा एवं श्री पवन कुमार ने बाल संरक्षण, विधिक सहायता तथा उपलब्ध सहायता तंत्र के संबंध में छात्राओं को जानकारी दी।

एएचटीयू थानाध्यक्ष श्री राकेश यादव ने छात्राओं को सुरक्षा संबंधी उपायों, पुलिस की भूमिका तथा किसी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के बारे में जागरूक किया।

अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित

कार्यक्रम के अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती पूजा कनौजिया ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री शिवेंद्र मिश्रा, सिविल जज जूनियर डिवीजन श्री पंकज कुशवाहा एवं तहसीलदार राठ श्री दिलीप कुमार को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाएं, छात्राएं तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को POCSO Act, 2012, उनके विधिक अधिकारों, बाल यौन अपराधों से बचाव तथा उपलब्ध कानूनी एवं संस्थागत सहायता तंत्र के प्रति जागरूक करना रहा।

— IKVNEWS

IKV News
Author: IKV News