अब घर बैठे स्मार्टफोन से बनेगा पेंशनर्स का डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र, कोषागार आने की झंझट खत्म

SHARE:

डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र 5.0 के प्रचार-प्रसार को लेकर कोषागार में जागरूकता गोष्ठी आयोजित, वरिष्ठ कोषाधिकारी अंकिता सिंह ने दी प्रक्रिया की जानकारी

Jeevan Pramaan App, UMANG और आधार फेस ऑथेंटिकेशन से मिलेगी सुविधा, जनसुविधा केंद्र व पोस्ट ऑफिस से भी करा सकेंगे सत्यापन

हमीरपुर। पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने तथा जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल बनाने के उद्देश्य से कोषागार हमीरपुर में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र 5.0 के प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। वरिष्ठ कोषाधिकारी श्रीमती अंकिता सिंह की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में पेंशनर्स को घर बैठे स्मार्टफोन के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

वरिष्ठ कोषाधिकारी अंकिता सिंह ने बताया कि जनपद के समस्त पेंशनर एवं पारिवारिक पेंशनर्स अब अपने स्मार्टफोन से घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (DLC) जनरेट कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए कोषागार आने की आवश्यकता नहीं होगी। इस डिजिटल व्यवस्था से पेंशनर्स के समय एवं धन की बचत होगी और आवागमन की परेशानी से भी राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि पेंशनर्स अपने मोबाइल में Jeevan Pramaan App एवं AadhaarFace RD Services इंस्टॉल करके आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र बना सकते हैं। इसके अलावा जीवन प्रमाण के आधिकारिक पोर्टल https://jeevanpramaan.gov.in तथा UMANG App के जरिए भी यह सुविधा उपलब्ध है।

इन जानकारियों की होगी आवश्यकता

डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने के लिए पेंशनर्स के पास आधार संख्या, मोबाइल नंबर, नाम, पीपीओ संख्या, बैंक खाता संख्या, आईएफएससी कोड तथा पेंशन एवं कोषागार से संबंधित आवश्यक विवरण उपलब्ध होना चाहिए। आधार आधारित बायोमैट्रिक अथवा फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से पहचान सत्यापित होने के बाद डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जनरेट हो जाता है और संबंधित कोषागार को ऑनलाइन प्रेषित किया जाता है।

स्मार्टफोन नहीं चलाने वालों को भी मिलेगी सुविधा

वरिष्ठ कोषाधिकारी ने बताया कि जो पेंशनर्स स्वयं स्मार्टफोन के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने में सक्षम नहीं हैं, वे अपने नजदीकी जन सुविधा केंद्र, साइबर कैफे, पोस्ट ऑफिस अथवा डोरस्टेप बैंकिंग सेवा के माध्यम से भी इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

इस अवसर पर पेंशनर संघ के अध्यक्ष श्री तेज बहादुर मिश्रा ने पेंशनर्स से डिजिटल व्यवस्था को अपनाने तथा अन्य पेंशनर्स को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

गोष्ठी में सहायक कोषाधिकारी श्री कौशल किशोर मिश्रा, लेखाकार श्री पवन कुमार, श्री प्रेमी प्रजापति सहित बड़ी संख्या में पेंशनर एवं पारिवारिक पेंशनर्स उपस्थित रहे।

IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं