दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार: डीएम अशोक कुमार ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

SHARE:

0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाने की अपील, जनसहभागिता से पोलियो मुक्त जनपद बनाए रखने पर जोर

हमीरपुर। जनपद को पोलियो मुक्त बनाए रखने और बच्चों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर से पोलियो जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी अशोक कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से आमजन को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक करते हुए प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अशोक कुमार ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। अभियान में यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से स्वास्थ्य विभाग के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए समय-समय पर पोलियो की खुराक पिलाना बेहद आवश्यक है। जनसहयोग और जागरूकता के माध्यम से ही जनपद को पोलियो मुक्त बनाए रखने के प्रयासों को सफल बनाया जा सकता है।

रैली के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के संदेश “दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार” के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को पोलियो की खुराक के महत्व से अवगत कराना और अभियान में शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलका शुक्ला सहित अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, अन्य चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा रैली के प्रतिभागी मौजूद रहे।

अपील: अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और पोलियो मुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनें।

IKV NEWS | हमीरपुर
IKV News
Author: IKV News

सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं