महिला प्रधानाध्यापिका ने बेसिक शिक्षा अधिकारी पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- “प्रमोशन के बदले शारीरिक संबंध बनाने का बनाया दबाव”

SHARE:

 

(नितेन्द्र झां)
#महोबा :- शिक्षा विभाग से जुड़ा एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले की एक महिला प्रधानाध्यापिका ने बेसिक शिक्षा अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा है। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि बेसिक शिक्षा अधिकारी महोबा ने उन्हें अपने आवास पर बुलाकर अशोभनीय प्रस्ताव दिए और विरोध करने पर मानसिक उत्पीड़न शुरू कर दिया।
पीड़िता के अनुसार वह प्राथमिक विद्यालय तिन्दोली ब्लॉक कबरई में प्रधानाध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं और वर्ष 2018 से विद्यालय में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय की समस्याओं को लेकर जब वह जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचीं तो अधिकारी ने उन्हें घूरते हुए शाम को आवास पर मिलने के लिए कहा। महिला का आरोप है कि उन्होंने जाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद विभागीय दबाव और प्रताड़ना शुरू हो गई।
शिकायत पत्र में महिला ने आरोप लगाया कि विद्यालय के अन्य कर्मचारियों के माध्यम से भी उन पर “साहब की बात मानने” का दबाव बनाया गया। इतना ही नहीं, उनके निजी नंबर पर बार-बार फोन कर मानसिक रूप से परेशान किया गया। महिला ने आरोप लगाया कि बीएसए ने उनसे कहा कि “एक रात की ही बात है, तुम्हारा प्रमोशन करवा दूंगा” और अश्लील बातें करते हुए पकड़ने की कोशिश भी की।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने कथित मांगों को मानने से इनकार कर दिया तो उनके खिलाफ जांच बैठाई गई और बाद में बिना पर्याप्त साक्ष्य के निलंबन आदेश जारी कर दिया गया। पीड़िता का कहना है कि वह 17 वर्षों से शिक्षण कार्य कर रही हैं और उन्हें राज्य अध्यापक पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
शिकायत में महिला ने बीएसए के साथ-साथ दो अन्य शिक्षकों पर भी दबाव बनाने और सहयोग करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
अब इस मामले ने शिक्षा विभाग और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला जिले के शिक्षा विभाग के लिए बड़ा दाग साबित हो सकता है।

 

Nitendra Jha
Author: Nitendra Jha

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पढ़ी गयीं