#महोबा। जिलाधिकारी श्रीमती गजल भारद्वाज ने मंगलवार को जिला मुख्यालय में निर्माणाधीन जेल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और संसाधनों का बारीकी से आकलन किया।
डीएम ने सबसे पहले मुख्य प्रवेश द्वार, महिला-पुरुष बैरक, सुरक्षा घेरा और परिधि दीवार का जायजा लिया। निर्माण एजेंसी से दीवार की मजबूती, ऊंचाई और सुरक्षा मानकों की जानकारी ली। बैरक निर्माण स्थल पर मानक के अनुरूप सामग्री के प्रयोग और कार्य की गति की समीक्षा की।
इसके अलावा प्रशासनिक भवन, मुलाकाती कक्ष, रसोईघर, चिकित्सा इकाई और CCTV प्रणाली की तैयारियों पर अधिकारियों से चर्चा की। डीएम ने कहा कि जेल की प्रत्येक इकाई आधुनिक सुरक्षा तकनीक और बेहतर संरचनात्मक गुणवत्ता के साथ तैयार होनी चाहिए।
उन्होंने मजदूरों की सुरक्षा, हेलमेट-उपकरणों के उपयोग और निर्माण स्थल की स्वच्छता का भी निरीक्षण किया। कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।
निर्माण एजेंसी को चेतावनी देते हुए डीएम ने कहा कि तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा हो। लापरवाही या मानकों से समझौते पर सख्त कार्रवाई होगी। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।








