रेलवे स्टेशन पर बाइक चोरों की खुली छुट्टी! 3 वारदात, सीसीटीवी में चेहरा साफ, पर जीआरपी के हाथ खाली

SHARE:

 

यात्रियों में खौफ, सर्कुलेटिंग एरिया भगवान भरोसे

एक संदिग्ध बाइक चोर की तालाश तेज

#महोबा। रेलवे स्टेशन पर चोरों का राज चल रहा है। एक हफ्ते में तीन बाइक गायब और जीआरपी को भनक तक नहीं! दिनदहाड़े बाइक उठाकर चोर निकल जाता है, सीसीटीवी देखता रहता है, लेकिन रोकने वाला कोई नहीं।
ताजा वारदात स्टेशन के मेन गेट वाली पार्किंग की है। दिनदहाड़े एक संदिग्ध युवक आया, बाइक का लॉक तोड़ा, स्टार्ट की और फुर्र हो गया। सब कुछ सीसीटीवी में कैद हो गया, पर मौके पर कोई सुरक्षाकर्मी नहीं दिखा। मानो चोरों को खुला न्योता दे रखा हो।

चर्चा आम है कि पिछले 7 दिन में स्टेशन से तीन बाइक पार हो चुकी हैं। एक बाइक तो जीआरपी बैरक के बगल से चोरी हुई होना बताया जा रहा है।हर बार जीआरपी को तहरीर दी गई, लेकिन न आज तक एक भी बाइक मिली, न एक भी चोर पकड़ा गया। कार्रवाई के नाम पर सिर्फ आश्वासन।

रोजाना सैकड़ों यात्री यहां से सफर करते हैं। पार्किंग बनी है, सीसीटीवी लगे हैं, पर न गार्ड है, न टोकन सिस्टम। सीसीटीवी की लाइव मॉनिटरिंग कौन कर रहा है, ये भी भगवान जाने। यात्रियों का सीधा आरोप है— जीआरपी गश्त करती ही नहीं। नतीजा, चोरों का गैंग बेखौफ घूम रहा है और मौका देखते ही बाइक उठा ले जा रहा है।

बाइक गंवा चुके यात्रियों ने एसपी से सख्त एक्शन की मांग की है। मांग साफ है स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ाओ, नियमित गश्त कराओ, सीसीटीवी की लाइव निगरानी हो। वरना यात्री अपनी गाड़ी स्टेशन पर खड़ी करने से सौ बार सोचेंगे।

जीआरपी थाना प्रभारी का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध की पहचान की जा रही है। जल्द खुलासा करेंगे। गश्त बढ़ाने के निर्देश दे दिए हैं।

फिलहाल हालात ये हैं कि महोबा स्टेशन पर बाइक खड़ी करना मतलब चोरों को दावत देना। जब तक पुलिस नींद से नहीं जागती, यात्रियों का डरना लाजमी है।

 

Nitendra Jha
Author: Nitendra Jha